फाइल फोटो  
पश्चिम बंगाल

नैहाटी में गंगा किनारे अवैध मिट्टी खनन का आरोप, जांच में जुटी पुलिस

वार्ड नंबर 7 के गंगा घाट से मिट्टी निकालकर तस्करी का आरोप, स्थानीय लोगों में रोष

नैहाटी : नैहाटी नगरपालिका के वार्ड नंबर 7 स्थित गंगा तट से कथित तौर पर अवैध तरीके से मिट्टी खनन करने और उसे वाहनों के माध्यम से दूसरी जगह भेजे जाने का मामला सामने आया है। स्थानीय लोगों की शिकायत के बाद नैहाटी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से गंगा किनारे बड़े पैमाने पर मिट्टी का खनन किया जा रहा है। जेसीबी और श्रमिकों की मदद से मिट्टी निकालने के बाद उसे इंजन वैन, ट्रैक्टर और डंपरों के जरिए अन्य स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है। लोगों का कहना है कि लगातार हो रही इस गतिविधि से गंगा तट की संरचना प्रभावित हो सकती है और भविष्य में कटाव का खतरा बढ़ सकता है। घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा बैरकपुर संगठनात्मक जिला युवा मोर्चा के महासचिव चिरंजीव सिंह भी समर्थकों के साथ गंगा घाट पहुंचे। उन्होंने इलाके का निरीक्षण करने के बाद पुलिस प्रशासन से कथित अवैध कारोबार को तत्काल बंद कराने और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए चिरंजीव सिंह ने आरोप लगाया कि पहले इसी क्षेत्र में अवैध बालू उत्खनन का कारोबार चल रहा था। उन्होंने दावा किया कि भाजपा नेता अर्जुन सिंह के आंदोलन के बाद उस गतिविधि पर रोक लगी थी, लेकिन अब गंगा किनारे मिट्टी काटने का नया अवैध कारोबार शुरू हो गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस काम को राजनीतिक संरक्षण प्राप्त है। उन्होंने मामले में शामिल सभी लोगों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की।

SCROLL FOR NEXT