प्रीति, सन्मार्ग संवाददाता
उत्तर 24 परगना : संदेशखाली में पैतृक संपत्ति के विवाद को लेकर हिंगलगंज की भाजपा विधायक रेखा पात्रा के एक पारिवारिक विवाद में शामिल होने का आरोप लगा है। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। हालांकि, सन्मार्ग वायरल वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है। मामला संदेशखाली थाना क्षेत्र के बऊ ठाकुरानी इलाके का बताया जा रहा है, जहां विधायक रेखा पात्रा का पैतृक आवास भी स्थित है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, पैतृक संपत्ति को लेकर परिवार के सदस्यों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025 में इसी जमीन को लेकर रेखा पात्रा के परिवार और उनके रिश्तेदार संजीत नस्कर के बीच विवाद हुआ था। आरोप था कि विवादित जमीन पर कब्जे को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए थे, जिसके बाद मामला अदालत तक पहुंच गया। बताया जा रहा है कि बशीरहाट अदालत ने विवादित संपत्ति के संबंध में एक आदेश जारी किया था। इसके तहत संजीत नस्कर को 28 अप्रैल 2027 तक उक्त जमीन पर जाने और खेती करने की अनुमति दिए जाने का दावा किया जा रहा है। इसी क्रम में संजीत नस्कर जब जमीन पर खेती करने पहुंचे तो इसकी सूचना मिलने पर रेखा पात्रा भी वहां पहुंच गईं। आरोप है कि इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और तीखी बहस शुरू हो गई। वायरल वीडियो में कई लोगों के बीच तनावपूर्ण स्थिति और धक्का-मुक्की जैसी तस्वीरें दिखाई दे रही हैं। दावा किया जा रहा है कि विधायक भी इस विवाद के दौरान वहां मौजूद थीं। हालांकि, वीडियो कब का है और किन परिस्थितियों में बनाया गया, इसकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है। घटना के बाद इलाके में इस विवाद को लेकर चर्चा का दौर तेज हो गया है।