सांकेतिक फोटो  
पश्चिम बंगाल

दत्तोपुकुर के नशा मुक्ति केंद्र पर महिला से सामूहिक दुष्कर्म का आरोप, संचालक गिरफ्तार

वीडियो बनाकर ब्लैकमेल, जान से मारने की धमकी और मारपीट का आरोप

उत्तर 24 परगना : उत्तर 24 परगना जिले के दत्तोपुकुर में नशा मुक्ति केंद्र की आड़ में महिलाओं के साथ अमानवीय अत्याचार किए जाने का मामला सामने आया है। इलाज के लिए भर्ती 31 वर्षीय महिला ने केंद्र के संचालक और एक कर्मचारी पर लगातार सामूहिक दुष्कर्म, वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने, जान से मारने की धमकी देने और शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर पुलिस ने केंद्र के संचालक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरा आरोपी फरार है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, करीब एक वर्ष पहले महिला के परिजनों ने शराब की लत छुड़ाने के लिए उसे दत्तोपुकुर के दाड़ीपुकुर स्थित एक नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। आरोप है कि इलाज के नाम पर केंद्र का संचालक संदीपन मजुमदार और कर्मचारी अजय सरदार उसे बार-बार कार्यालय में बुलाकर सामूहिक दुष्कर्म करते थे। पीड़िता का आरोप है कि आरोपियों ने दुष्कर्म के दौरान उसके वीडियो भी बनाए और उन्हें वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय तक उसका शोषण किया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की जाती थी और जान से मारने की धमकी दी जाती थी। महिला ने यह भी दावा किया है कि केंद्र में रह रही अन्य महिला मरीजों के साथ भी इसी तरह का अमानवीय व्यवहार किया जाता था। किसी तरह 13 मई को पीड़िता नशा मुक्ति केंद्र से भागने में सफल रही। वहां से निकलने के बाद भी आरोपी लगातार उसे धमकाते रहे। आखिरकार सोमवार रात उसने दत्तोपुकुर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलते ही पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोमवार रात बारासात के पूर्वाशा इलाके से केंद्र के संचालक संदीपन मजुमदार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, सह-आरोपी अजय सरदार अब भी फरार है और उसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। मंगलवार को गिरफ्तार आरोपी को बारासात अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उसे पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।


SCROLL FOR NEXT