टीटागढ़ : बीटी रोड के मोचीपाड़ा-तालपुकुर इलाके में बिजली मीटर से कथित छेड़छाड़ कर अवैध रूप से बिजली इस्तेमाल करने का मामला सामने आया है। सीईएससी की जांच टीम की शिकायत पर टीटागढ़ थाने में एक व्यक्ति के खिलाफ बिजली चोरी का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार, सीईएससी लिमिटेड में इंजीनियर के पद पर कार्यरत पृथ्वीराज दास बुधवार को टीम के साथ इलाके में निरीक्षण के लिए पहुंचे थे। करीब 1:20 बजे शाहिद अली के परिसर में लगे बिजली मीटर की जांच के दौरान उसमें कथित तौर पर छेड़छाड़ की जानकारी सामने आई। आरोप है कि मीटर में हेरफेर के जरिए बिजली की अनधिकृत खपत की जा रही थी। मामले को लेकर पृथ्वीराज दास ने टीटागढ़ थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।