कौस्तभ बागची  
पश्चिम बंगाल

भाजपा विधायक कौस्तव बागची के घर पर हमले की साजिश का आरोप

मामले में 9 लोगों को हिरासत में लेकर पुलिस कर रही है पूछताछ

बैरकपुर : बैरकपुर से भाजपा विधायक कौस्तव बागची ने अपने घर पर हमले की साजिश रचने का आरोप लगाया है। उनका दावा है कि बुधवार की रात बाइक सवार कुछ लोग उनके आवास के बाहर पहुंचे और बम व गोली मारने की धमकी देने के साथ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। घटना के बाद टीटागढ़ थाने में शिकायत दर्ज कराई गई, जिसके आधार पर पुलिस ने 9 लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। विधायक का आरोप है कि पूरी घटना पूर्व नियोजित थी और इसका उद्देश्य उन्हें तथा उनके परिवार को भयभीत करना था। उन्होंने बैरकपुर नगर पालिका के पूर्व चेयरमैन उत्तम दास, टीटागढ़ के पूर्व चेयरमैन प्रशांत चौधरी, राजा पासवान समेत कई लोगों पर इस साजिश में शामिल होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कुछ तृणमूल नेता भाजपा में शामिल होने का प्रयास कर रहे हैं, जिसका वह विरोध कर रहे हैं। इसी वजह से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। कौस्तव बागची ने घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज भी जारी की हैं। फुटेज में कथित तौर पर एक बाइक पर सवार तीन लोगों को उनके घर के सामने कई बार चक्कर लगाते हुए देखा जा सकता है। विधायक के मुताबिक, घटना के समय वह घर पर मौजूद नहीं थे और उनके परिवार को डराने-धमकाने की नीयत से यह हरकत की गई। विधायक ने बताया कि उन्होंने घटना की जानकारी मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी को भी दी है। मुख्यमंत्री की ओर से चिंता नहीं करने और मामले की उचित जांच कराने का आश्वासन दिया गया है।

SCROLL FOR NEXT