कोलकाता : मुर्शिदाबाद के नौदा से आम जनता उन्नयन पार्टी के विधायक हुमायूं कबीर को ई-मेल के जरिए जान से मारने की धमकी मिली है। सूत्रों के अनुसार, आरोप है कि शिवशंकर बारिक नामक व्यक्ति ने गुरुवार रात दो ई-मेल भेजकर 20 या 25 तारीख तक उनकी हत्या करने की चेतावनी दी।
ई-मेल में विधायक की पहल पर बन रही बाबरी मस्जिद को बम से उड़ाने की धमकी भी दी गई है। हालांकि, भेजने वाले ने दावा किया है कि उसका किसी राजनीतिक दल से कोई संबंध नहीं है। हुमायूं कबीर ने कहा कि उन्हें पहले भी फोन पर धमकियां मिलती रही हैं, लेकिन ई-मेल के जरिए पहली बार ऐसी धमकी मिली है।
उन्होंने कहा कि वह इससे भयभीत नहीं हैं। विधायक ने बताया कि फिलहाल उनके पास केवल राज्य सरकार द्वारा उपलब्ध कराए गए दो सुरक्षाकर्मी हैं। उन्होंने पूरे मामले की लिखित शिकायत मुर्शिदाबाद के पुलिस अधीक्षक को भेजने की बात कही है।