सतीश, सन्मार्ग संवाददाता
हुगली : हुगली-चुंचुड़ा पालिका सभागार में एक प्रशासनिक बैठक आयोजित की गयी। बैठक का आयोजन चुंचुड़ा-हुगली केंद्रीय कार्तिक पूजा समिति ने किया था। इसमें प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी और केंद्रीय समिति के प्रतिनिधि उपस्थित थे। बैठक में चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट के डीसीपी (चंदननगर) अलकनंदा भवाल, एसीपी डीडी, चुंचुड़ा थाने के प्रभारी आईसी रामेश्वर ओझा, हुगली-चुंचुड़ा नगरपालिका के उप-प्रधान, लोक निर्माण विभाग के सीआईसी, जल, ट्रैफिक, अग्निशमन और बिजली विभाग के अधिकारी उपस्थित थे। बैठक में चंदननगर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से कई सख्त निर्देश दिये गये। इस वर्ष चुंचुड़ा-हुगली केंद्रीय कार्तिक पूजा समिति के अधीन कुल 41 पूजा हो रही हैं, जिनमें से 27 पूजा 18 नवंबर (मंगलवार) को शोभायात्रा में हिस्सा लेंगी। इसके अलावा 13 बसाई पूजा और एक घर की पूजा शामिल है। प्रशासन ने कहा कि सभी पूजा समितियों को शाम 6:30 बजे तक शोभायात्रा में शामिल होना होगा। प्रत्येक समिति को “थ्री प्लस वन” और जयंती वर्ष पर “फोर प्लस वन” गाड़ियों की अनुमति नहीं होगी। शोभायात्रा में अनुशासन बनाए रखना अनिवार्य है और किसी भी नशे में व्यक्ति को भाग लेने की अनुमति नहीं होगी। सभी समितियों को निर्देशों का पालन सख्ती से करना होगा। शोभायात्रा में गाड़ियों की ऊंचाई 18 फीट और चौड़ाई 10 फीट से अधिक नहीं होनी चाहिए।
डीसीपी अलकनंदा का बयानडीसीपी अलकनंदा भवाल ने कहा कि शोभायात्रा के दौरान किसी भी तरह की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस को मुख्य मार्गों पर विशेष निगरानी रखने को कहा गया है। अग्निशमन विभाग को हर पूजा पंडाल के पास दस्ता तैनात करने के निर्देश दिए गए। बिजली विभाग को अस्थायी कनेक्शन की सख्त जांच करने को कहा गया है। लोक निर्माण विभाग सड़कों की मरम्मत और गड्ढों को भरने का काम तुरंत पूरा करेगा।
केंद्रीय समिति के सख्त निर्देश: पूजा समितियों को लिखित सूचना
केंद्रीय समिति के अध्यक्ष ने बताया कि सभी पूजा समितियों को लिखित में निर्देश भेजे गए हैं। शोभायात्रा का रूट पहले से निर्धारित है और इसमें कोई बदलाव नहीं होगा। पर्यावरण संरक्षण के लिए प्लास्टिक और थर्मोकोल प्रतिमाओं पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। ध्वनि प्रदूषण नियंत्रण के लिए रात 10 बजे के बाद लाउडस्पीकर बंद करने होंगे।