बारासात : बारासात मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में स्वास्थ्य मंत्री शारद्वत मुखर्जी के औचक निरीक्षण के महज 24 घंटे के भीतर प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। अस्पताल में ड्यूटी में लापरवाही और अव्यवस्था के आरोप में 12 कर्मचारियों को कारण बताओ (शोकॉज) नोटिस जारी किया गया है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, गुरुवार को निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य मंत्री अस्पताल की व्यवस्थाओं से असंतुष्ट नजर आए। निरीक्षण के समय वार्डों में बिल्लियों की आवाजाही, दवा भंडारण कक्ष में धूल की मोटी परत, जर्जर छत, गंदे नाले तथा अस्वच्छ शौचालय जैसी कई गंभीर कमियां सामने आईं। इसके बाद उन्होंने तत्काल निष्पक्ष जांच कराने का निर्देश दिया। जांच रिपोर्ट में विभिन्न स्तरों पर लापरवाही की पुष्टि होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने 12 कर्मचारियों को शोकॉज नोटिस जारी किया। नोटिस पाने वालों में चार वार्ड मास्टर, चार नॉन-मेडिकल सुपरवाइजर, एक इन्फेक्शन कंट्रोल इंचार्ज सिस्टर, प्रसूति विभाग की दो सिस्टर-इंचार्ज तथा एक फैसिलिटी क्वालिटी मैनेजर शामिल हैं। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि संबंधित कर्मचारियों ने अपने दायित्वों का अपेक्षित रूप से निर्वहन नहीं किया, जिसके कारण यह अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई है।