उत्तर 24 परगना : वर्ष 2021 के विधानसभा चुनाव परिणाम घोषित होने के बाद नैहाटी में भाजपा कार्यकर्ता के घर पर हमले और तोड़फोड़ के मामले में पुलिस ने करीब पांच साल बाद कार्रवाई करते हुए दो तृणमूल कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तम मजुमदार और शेख मतियार के रूप में हुई है। दोनों को सोमवार को चुनाव बाद हिंसा से जुड़े पुराने मामले में गिरफ्तार किया गया। जानकारी के अनुसार यह मामला नैहाटी नगरपालिका के वार्ड नंबर 2 निवासी भाजपा कार्यकर्ता अरिंदम बैद्य की शिकायत पर दर्ज किया गया था। आरोप है कि चुनाव परिणाम आने के बाद तृणमूल समर्थित कुछ लोग सुमित सरकार उर्फ पापाई के नेतृत्व में उनके घर पहुंचे और जमकर उत्पात मचाया। हमलावरों ने घर में घुसकर टीवी, फ्रिज, एयर कंडीशनर, अलमारी समेत अन्य कीमती सामानों में तोड़फोड़ की और पूरे घर को तहस-नहस कर दिया। अरिंदम बैद्य का आरोप है कि घटना के समय आरोपी उनकी तलाश कर रहे थे। उन्हें नहीं मिलने पर उनके बुजुर्ग पिता के सिर पर कथित तौर पर बंदूक तानकर पूछताछ की गई और परिवार को धमकाया गया। पीड़ित भाजपा कार्यकर्ता का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, लेकिन उस समय आरोपियों के खिलाफ कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने आरोप लगाया कि शिकायत के बावजूद आरोपी लंबे समय तक कार्रवाई से बचे रहे। अब इस पुराने मामले में दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अरिंदम बैद्य ने पुलिस की कार्रवाई पर संतोष जताया है। उन्होंने कहा कि लंबे समय बाद पुलिस ने मामले में कदम उठाया है और उन्हें उम्मीद है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।