बनगांव : बनगांव में पेट्रोल में पानी मिलाकर बेचने के आरोप में एक पेट्रोल पंप पर शनिवार को ग्राहकों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। आरोप है कि ईंधन भरवाने के कुछ ही देर बाद कई बाइकें बीच रास्ते में बंद हो गईं। पीड़ितों के अनुसार, शुक्रवार को मतिगंज स्थित पेट्रोल पंप से ईंधन भरवाने के बाद बाइकें अचानक बंद हो गईं। मैकेनिक द्वारा जांच करने पर टैंक में पेट्रोल के साथ पानी मिलने का दावा किया गया। इससे इंजन खराब होने की शिकायत भी सामने आई। शनिवार को नाराज ग्राहक पेट्रोल पंप पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। सूचना पर बनगांव थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।