सांकेतिक फोटो  
पश्चिम बंगाल

महिला सहकर्मी को ब्लैकमेल कर दुष्कर्म का आरोप

सिविक वॉलेंटियर गिरफ्तार

उत्तर 24 परगना : जिले के हाबरा थाने में तैनात रही एक महिला सिविक वॉलेंटियर ने अपने ही पुरुष सहकर्मी पर ब्लैकमेल कर कई बार दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी सिविक वॉलेंटियर को गिरफ्तार कर लिया। बुधवार को आरोपी को बारासात अदालत में पेश किया गया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान अमित भद्र के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों के अनुसार आरोपी और शिकायतकर्ता दोनों पहले हाबरा थाने में सिविक वॉलेंटियर के रूप में कार्यरत थे। महिला का आरोप है कि ड्यूटी से पहले या बाद में कपड़े बदलने के दौरान आरोपी ने चोरी-छिपे उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें खींच ली थीं। इसके बाद उन्हीं तस्वीरों को वायरल करने की धमकी देकर वह लगातार उसे ब्लैकमेल करने लगा। शिकायत के मुताबिक आरोपी ने तस्वीरें सार्वजनिक करने की धमकी देकर महिला को कई बार अपनी हवस का शिकार बनाया। इतना ही नहीं, किसी को घटना की जानकारी देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी भी दी। लगातार मानसिक दबाव और भय के बीच आखिरकार महिला ने हिम्मत जुटाकर हाबरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। मामले की प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ दुष्कर्म, आपराधिक धमकी, डराने-धमकाने सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी पिछले महीने से सिविक वॉलेंटियर के पद पर कार्यरत नहीं था। शिकायत मिलने के तुरंत बाद उसे ड्यूटी से हटा दिया गया था।


SCROLL FOR NEXT