बनगांव : फर्जी दस्तावेजों के जरिए दूसरे व्यक्ति के नाम पर कंपनी का बैंक खाता खोलकर उसमें करीब 24 करोड़ रुपये के लेनदेन के आरोप में बनगांव साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने शुक्रवार रात हुगली के रिसड़ा से उसे पकड़ा। शनिवार को आरोपी को बनगांव अदालत में पेश किया गया, जहां न्यायाधीश ने उसे पुलिस हिरासत में भेज दिया। पुलिस के अनुसार, गोपालनगर के सुल्का दुर्गापुर गांव निवासी मनोजीत विश्वास वर्ष 2022 का आयकर रिटर्न दाखिल करने पहुंचे तो उन्हें पता चला कि उनके नाम पर ‘एमबी ट्रेडकॉन इंडिया’ नामक कंपनी पहले ही आयकर रिटर्न दाखिल कर चुकी है। जानकारी जुटाने पर सामने आया कि कंपनी के नाम से फेडरल बैंक की राजारहाट शाखा में एक खाता भी खोला गया था। मनोजीत ने बैंक से संपर्क कर स्पष्ट किया कि उन्होंने न तो ऐसी कोई कंपनी खोली है और न ही उक्त बैंक खाता संचालित किया है। आरोप है कि उनके पैन कार्ड और वोटर कार्ड में मौजूद तस्वीर व व्यक्तिगत जानकारी के साथ छेड़छाड़ कर फर्जी दस्तावेज तैयार किये गये। इन्हीं कागजात के आधार पर खाता खोला गया और बाद में उनके नाम पर तैयार पहचान संबंधी दस्तावेजों से केवाईसी कर खाते का संचालन किया जाता रहा। जांच में पुलिस को उक्त खाते से करीब 24 करोड़ रुपये के वित्तीय लेनदेन का पता चला। इसके बाद अदालत में शिकायत के आधार पर बनगांव साइबर क्राइम थाने की पुलिस ने जांच शुरू की। लेनदेन और फर्जी दस्तावेजों से जुड़े सुरागों के आधार पर पुलिस टीम ने शुक्रवार रात रिसड़ा में छापेमारी कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फिलहाल गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान सार्वजनिक नहीं कर रही है। मामले में फर्जी खाता खोलने और करोड़ों रुपये के लेनदेन में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।