पश्चिम बंगाल

सिलीगुड़ी कॉलेज में एबीवीपी-एसएफआई भिड़े, तनाव

कैंपस में मारपीट के आरोप-प्रत्यारोप के बाद पुलिस तैनात, घटना की जांच की मांग

Khodija Khatun (Rabia)

सिलीगुड़ी : सिलीगुड़ी कॉलेज में बुधवार को एबीवीपी और एसएफआई समर्थक छात्रों के बीच विवाद के बाद कई चरणों में तनाव की स्थिति बनी रही। कॉलेज परिसर में दोनों छात्र संगठनों के सदस्यों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते कथित मारपीट में बदल गयी। घटना के बाद कॉलेज परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।एसएफआई की ओर से आरोप लगाया गया कि एबीवीपी के सदस्यों ने उसके कार्यकर्ताओं पर बांस की लाठियों से हमला किया। वहीं, घटना के बाद दोनों छात्र संगठनों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाये गये। लगातार बने तनाव के कारण कॉलेज परिसर में छात्रों के बीच भी भय का माहौल देखा गया।

मामले की जानकारी मिलने के बाद कॉलेज प्रबंधन और पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। किसी तरह स्थिति को शांत कराया गया। एहतियात के तौर पर कॉलेज के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है।दोनों छात्र संगठनों ने घटना की निष्पक्ष जांच की मांग की है। संगठनों का कहना है कि विवाद की वास्तविक वजह सामने लायी जानी चाहिए और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ उचित कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि कॉलेज परिसर में शैक्षणिक माहौल और शांति कायम रहे।फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम पर नजर रख रही है। घटना में किस पक्ष की क्या भूमिका रही, इसे लेकर पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी।

SCROLL FOR NEXT