कहीं नए टाइल्स, कहीं मार्बल का फर्श, बदले जा रहे रसोई के उपकरण
जरूरी दस्तावेज दुरुस्त कराने में भी जुटे कारोबारी
सन्मार्ग संवाददाता
टाकी :
कालिख, जमे तेल और गंदगी से भरे रसोईघरों में अब बदलाव नजर आने लगा है। खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई के बाद टाकी के कई होटल और रेस्टोरेंट में साफ-सफाई के साथ बुनियादी ढांचे को दुरुस्त करने का काम तेज हो गया है। कहीं रसोई में नए टाइल्स लगाए जा रहे हैं, तो कहीं मार्बल का फर्श बनाया जा रहा है। पुराने खाना पकाने के उपकरणों को हटाकर नए उपकरण भी लगाए जा रहे हैं। बता दें कि मुख्यमंत्री के निर्देश पर राज्यभर में खाद्य सुरक्षा को लेकर अभियान चल रहा है। इसी क्रम में बशीरहाट महकमा क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने होटल, रेस्टोरेंट और अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। खाद्य सुरक्षा सप्ताह के तहत हुई इस जांच में भोजन तैयार करने की व्यवस्था, स्वच्छता और जरूरी नियमों के पालन को देखा गया। प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, टाकी के कुछ प्रतिष्ठानों में अनियमितता और अस्वच्छ माहौल मिलने के बाद उन्हें बंद करा दिया गया। संबंधित कारोबारियों को निर्देश दिया गया कि प्रतिष्ठान दोबारा खोलने से पहले जरूरी सरकारी कागजात और लाइसेंस दुरुस्त कराए जाएं। साथ ही रसोई को साफ कर भोजन तैयार करने के लिए स्वास्थ्यसम्मत व्यवस्था विकसित करने को कहा गया। इसके बाद कारोबारियों ने अपने-अपने प्रतिष्ठानों में मरम्मत और सुधार का काम शुरू कर दिया। कई रसोईघरों में अब दीवारों पर रंग-रोगन के साथ टाइल्स लगाए जा रहे हैं। फर्श को भी नया रूप दिया जा रहा है। पुराने और जर्जर उपकरणों की जगह आधुनिक सामान लगाए जा रहे हैं। कारोबारियों की ओर से जरूरी दस्तावेज तैयार कराने की प्रक्रिया भी चल रही है। मरम्मत और सुधार का काम पूरा होने के बाद खाद्य सुरक्षा विभाग तथा प्रशासनिक अधिकारी दोबारा निरीक्षण करेंगे। स्वच्छता, खाद्य सुरक्षा मानकों और दस्तावेजों की जांच के बाद ही संबंधित प्रतिष्ठानों को दोबारा कारोबार की अनुमति दी जाएगी।