अभिषेक बनर्जी 
पश्चिम बंगाल

विवादित मामले में फैसले पर अभिषेक ने की जज की सराहना

बोले- सच बोलने के लिए साहस चाहिए

कोलकाता : बॉम्बे हाईकोर्ट द्वारा 'मुर्दाबाद' नारे के मामले में दिए गए फैसले का तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी ने स्वागत किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर न्यायमूर्ति माधव जमदार की सराहना करते हुए कहा कि 'जब चुप रहना आसान हो, तब सच बोलने के लिए साहस चाहिए।'

मामला महाराष्ट्र का है, जहां सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (एसडीपीआई) के नेता सईद अहमद अब्दुल वाहिद चौधरी ने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के विरोध में भाजपा, केंद्र सरकार और अमित शाह के खिलाफ "मुर्दाबाद" के नारे लगाए थे।

इसके बाद मुंबई पुलिस ने उन्हें एक वर्ष के लिए शहर से बाहर रहने का आदेश दिया था। इस आदेश को चुनौती देने पर बॉम्बे हाईकोर्ट ने कहा कि केवल सरकार के खिलाफ नारे लगाने के आधार पर किसी नागरिक को शहर से बाहर नहीं किया जा सकता।

अदालत ने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता लोकतंत्र का मूल अधिकार है और सरकार की आलोचना किसी व्यक्ति को समाजविरोधी नहीं बना देती। इसी आधार पर अदालत ने पुलिस का आदेश रद्द कर दिया। इस फैसले को अभिषेक बनर्जी ने संविधान और न्यायपालिका की स्वतंत्रता की जीत बताया।

SCROLL FOR NEXT