पश्चिम बंगाल

अभया की मां ने मुख्यमंत्री को कहा ‘जिम्मेदार भाई’

बोलीं- पांच साल पहले ऐसी सरकार होती तो मेरी बेटी को कोई नहीं छीन पाता

निर्मल घोष और संजीव मुखर्जी की गिरफ्तारी पर जताई खुशी

सोशल मीडिया पोस्ट में की सरकार की कार्रवाई की सराहना

पानीहाटी : अभया मामले में लगातार हो रही गिरफ्तारियों के बाद पीड़ित परिवार की ओर से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी की तारीफ की गई है। अभया की मां रत्ना देबनाथ ने सोशल मीडिया पर लंबी पोस्ट लिखकर मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि सरकार ने 9 अगस्त को किए गए अपने वादे के मुताबिक कार्रवाई शुरू की है। निर्मल घोष और पूर्व पार्षद संजीव मुखर्जी की गिरफ्तारी के बाद उन्होंने उम्मीद जताई कि मामले में आगे भी कार्रवाई होगी। दरअसल, 9 अगस्त को अभया की स्मरणसभा के मंच से मुख्यमंत्री ने मामले में नया केस दर्ज कर तेजी से कार्रवाई का भरोसा दिया था। इसके बाद 10 अगस्त को अभया के पिता ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के दो दिन बाद 13 अगस्त की सुबह पूर्व विधायक निर्मल घोष को ओडिशा से गिरफ्तार कर लिया गया। उसी रात खड़दह थाना पुलिस ने पूर्व पार्षद संजीव मुखर्जी को भी गिरफ्तार कर लिया।

‘दो आरोपी गिरफ्तार, आगे भी होगी कार्रवाई’

दोनों गिरफ्तारियों के बाद अभया की मां ने सोशल मीडिया पर मुख्यमंत्री की तारीफ करते हुए लिखा कि वर्तमान और पूर्व मुख्यमंत्री के बीच अंतर साफ दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि 9 अगस्त को मंच से मुख्यमंत्री ने संवैधानिक दायरे में रहते हुए जो आश्वासन दिया था, प्रशासन ने उसी के अनुरूप कार्रवाई शुरू की है। उन्होंने लिखा कि दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है और आगे भी कार्रवाई की उम्मीद है। साथ ही उन्होंने बंगाल की सभी मां-बेटियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही और मुख्यमंत्री को ‘जिम्मेदार दादा और भाई’ बताया। हालांकि, पोस्ट में उन्होंने अपनी पुरानी पीड़ा भी जाहिर की। उन्होंने लिखा कि अगर पांच साल पहले इसी तरह के मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री होते, तो शायद उनकी बेटी को उनसे कोई नहीं छीन पाता।

SCROLL FOR NEXT