सांकेतिक तस्वीर 
पश्चिम बंगाल

आभूषण व्यवसायी पर फायरिंग से इलाके में फैला आतंक, पुलिस ने जांच शुरू की

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता
दक्षिण 24 परगना : बासंती थाना अंतर्गत आमझाड़ा इलाके में रविवार रात आभूषण व्यवसायी कार्तिक नस्कर पर फायरिंग से इलाके में दहशत फैल गई। घटना के समय कार्तिक बाइक से घर लौट रहे थे। पुलिस सूत्रों के अनुसार, बदमाशों ने सुनसान सड़क पर उन्हें निशाना बनाकर गोली चलाई। गोली उनकी पीठ में लगी, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। स्थानीय लोगों ने गोली की आवाज सुनकर तुरंत घटना स्थल पर पहुंचकर मदद की। घायल कार्तिक को पहले कैनिंग अनुमंडल अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में कोलकाता के चित्तरंजन नेशनल मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया। पुलिस ने बताया कि कार्तिक पेशे से आभूषण व्यवसायी हैं। घटना की रिपोर्ट मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि हमला लूटपाट के इरादे से किया गया या किसी पुरानी दुश्मनी के कारण। बारुईपुर पुलिस के उच्च अधिकारी ने कहा कि इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर हमलावरों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। अधिकारी ने यह भी बताया कि इस मामले में कई लोगों की गिरफ्तारी की संभावना है और जांच पूरी गंभीरता से जारी है। पुलिस ने इलाके के लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें। इस हमले ने आमझाड़ा इलाके में दहशत फैला दी है और स्थानीय व्यापारी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।कार्तिक नस्कर की हालत फिलहाल गंभीर बताई जा रही है। पुलिस की टीम आरोपितों की तलाश में लगी हुई है और उम्मीद जताई जा रही है कि जल्द ही इस वारदात का पर्दाफाश होगा।

SCROLL FOR NEXT