विजय, सन्मार्ग संवाददाता
पूर्व मिदनापुर : पूर्व मिदनापुर जिला अंतर्गत नंदीग्राम विधानसभा केंद्र में 6 अक्टूबर को होने वाली उपचुनाव को लेकर अंतिम दिन रविवार को यहां पर सभी दलों ने जमकर चुनाव प्रचार अभियान चलाया। भाजपा प्रार्थी हासीरानी रथ के समर्थन में चुनाव प्रचार के लिए मुख्यमंत्री शुभेन्दु अधिकारी भी पहुंचे। शुभेन्दु अधिकारी के नेतृत्व में भाजपा प्रार्थी के समर्थन में नंदीग्राम के विभिन्न जगहों पर भाजपा की ओर से विशाल जुलूस और रोड शो का आयोजन किया गय़ा। जिसमें हजारों की भीड़ हुयी। काफी संख्या में अल्पसंख्यक समुदाय के मतदाता भी इस जुलूस में शुभेन्दु अधिकारी के साथ कंधे से कंधा मिलाकर शामिल हुए। मालूम हो कि गत दिनों शुभेन्दु अधिकारी ने नंदीग्राम में आयोजित एक चुनावी सभा में भाषण देते हुए मुस्लिमों को भाजपा से दोस्ती करने के लिए 6 अक्टूबर को एक शुभ दिन बताया था। उन्होंने मुस्लिमों से भी भाजपा के पक्ष में भारी मतदान करने की अपील की। सीएम की इस अपील का असर भी नंदीग्राम में चुनाव प्रचार के अंतिम दिन देखा गया। जहां हजारों मुस्लिम लोग भाजपा के चुनाव प्रचार जुलूस में शामिल हुए। मीडिया से बात करते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया इस उपचुनाव में भाजपा की भारी बहुमत से जीत होगी और विरोधियों का सूपड़ा तो पूरी तरह से साफ हो जाएगा। मालूम हो कि नंदीग्राम में होने वाली उपचुनाव के वोटों की गिनती 9 अक्टूबर को करायी जाएगी। जिला भाजपा के नेताओं का दावा किया है कि नंदीग्राम के लोग केवल शुभेन्दु अधिकारी और भाजपा को ही पसंद करते हैं। 2021 और 2026 के विधानसभा तथा 2024 के लोकसभा चुनाव में भी नंदीग्राम से भाजपा को जीत मिली थी। जबकि इस बार होने वाली उपचुनाव में भाजपा जीत के सारे रिकॉर्ड को भी तोड़ देगी।