आँख में चोट लगने के बाद घायल भाजपा कार्यकर्ता ने थाने में शिकायत दर्ज कराई 
पश्चिम बंगाल

भाजपा की पार्टी बैठक के दौरान कार्यकर्ता के आंख पर गर्म चाय फेंकने से मचा बवाल

महेशतल्ला के नुंगी इलाके की घटना पुलिस घटना की जांच में जुटी है राजनीतिक हलकों में भारी चर्चा

रामबालक, सन्मार्ग संवाददाता

डायमंड हार्बर : राज्य में 2026 के विधानसभा चुनाव से पहले एक बार फिर भाजपा की आंतरिक गुटबाजी खुलकर सामने आ गई है। डायमंड हार्बर संगठनात्मक जिले की पार्टी बैठक के बीच ही भयंकर विवाद, धक्का-मुक्की हुई। एक भाजपा कार्यकर्ता के आंख पर गर्म चाय फेंके जाने का आरोप लगा है। महेशतल्ला में हुई इस घटना से राजनीतिक हलकों में भारी चर्चा शुरू हो गई है। पीड़ित भाजपा कार्यकर्ता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। सरीषा के बाद अब महेशतल्ला में भाजपा की गुटबाजी फिर सामने आई है। भाजपा के डायमंड हार्बर संगठनात्मक जिले की बैठक के दौरान ही पार्टी का आंतरिक कलह सबके सामने आ गया। भाजपा नेताओं-कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक और धक्का-मुक्की हुई। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार रात महेशतल्ला के नुंगी स्टेशन से सटे भाजपा पार्टी कार्यालय में डायमंड हार्बर संगठनात्मक जिले के महेशतला मंडल-6 की एक बैठक चल रही थी। आरोप है कि बैठक के दौरान ही पूर्व जिला अध्यक्ष अभिजीत सरदार के साथ कुछ भाजपा कार्यकर्ताओं की तीखी बहस हुई। कुछ देर बाद वह बहस थम भी गई। इसके कुछ देर बाद पूर्व जिला अध्यक्ष अभिजीत सरदार पार्टी दफ्तर से बाहर चले गए। आरोप है कि इसके बाद भाजपा के ही पूर्व बस्ती विकास प्रकोष्ठ के संयोजक संजीव सेन को निशाना बनाते हुए एक अन्य पूर्व जिला अध्यक्ष ने उनपर गर्म चाय फेंक दी। पीड़ित कार्यकर्ता संजीव का कहना है कि गर्म चाय उनकी दाहिनी आंख में लगी, जिससे आंख में जलन और तेज दर्द हुआ। उन्हें देखने में भी परेशानी होने लगी। घटना के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं में भारी उत्तेजना फैल गई। सूचना मिलते ही महेशतल्ला थाना की पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और उग्र हालात को काबू में किया। पीड़ित भाजपा कार्यकर्ता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। पीड़ित भाजपा नेता को बेहतर इलाज के लिए बेहाला के विद्यासागर अस्पताल भेजा गया। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

SCROLL FOR NEXT