मधुर, सन्मार्ग संवाददाता
कोलकाता : पश्चिम बंगाल में डेंगू का संक्रमण लगातार चिंता बढ़ा रहा है। बारिश के बीच राज्य के अलग-अलग हिस्सों में डेंगू के मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। जानकारों के मुताबिक महज एक सप्ताह में करीब 800 लोग डेंगू की चपेट में आए हैं। वहीं, डेंगू से हुई मौतों के मामले सामने आने के बाद स्वास्थ्य भवन भी सतर्क हो गया है। स्वास्थ्य भवन के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में डेंगू का संक्रमण बढ़ा है। कई जिलों में नए मरीजों की संख्या में वृद्धि दर्ज की जा रही है। कोलकाता और आसपास के क्षेत्रों में भी डेंगू के मामलों को लेकर विशेष निगरानी की जा रही है। लगातार बारिश के कारण विभिन्न इलाकों में जलजमाव की स्थिति बन रही है। इससे मच्छरों के प्रजनन के लिए अनुकूल परिस्थितियां पैदा हो रही हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि जमा पानी को समय रहते हटाना और मच्छरों के लार्वा को नष्ट करना डेंगू की रोकथाम के लिए बेहद जरूरी है।
स्वास्थ्य भवन की ओर से लोगों को बुखार होने पर लापरवाही नहीं बरतने की सलाह दी गई है। तेज बुखार, शरीर में दर्द, सिरदर्द, आंखों के पीछे दर्द या अत्यधिक कमजोरी जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सकीय सलाह लेने को कहा गया है। साथ ही घर और आसपास पानी जमा नहीं होने देने तथा मच्छरों से बचाव के उपाय अपनाने की अपील की गई है। डेंगू के बढ़ते मामलों के बीच स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित प्रशासन और स्थानीय निकायों को निगरानी तथा मच्छर नियंत्रण गतिविधियां तेज करने पर जोर दिया है। आने वाले दिनों में बारिश को देखते हुए संक्रमण की स्थिति पर लगातार नजर रखने की बात कही गई है।