सांकेतिक फोटो  
पश्चिम बंगाल

सीने में हल्के दर्द की शिकायत पर भर्ती 55 वर्षीय मरीज की मौत

परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

बनगांव : सीने में हल्के दर्द की शिकायत के बाद बनगांव महकमा अस्पताल में भर्ती कराये गये 55 वर्षीय मरीज की मौत के बाद अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गये हैं। मृतक की पहचान रामकृष्णपुर निवासी विश्वजीत राय के रूप में हुई है। परिजनों ने अस्पताल के नर्स, आया और चिकित्सकों पर मरीज की उचित निगरानी नहीं करने का आरोप लगाते हुए अस्पताल अधीक्षक को लिखित शिकायत दी है। परिजनों के अनुसार, गुरुवार दोपहर विश्वजीत राय के सीने में हल्का दर्द हुआ था। इसके बाद उन्हें बनगांव महकमा अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने परिजनों को बताया कि परेशानी संभवतः बदहजमी के कारण हो सकती है और मरीज को रातभर निगरानी में रखने की सलाह दी। इसके बाद परिवार ने अगले दिन उन्हें कोलकाता ले जाकर इलाज कराने का निर्णय लिया। परिवार का दावा है कि अस्पताल की ओर से उन्हें शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे आने के लिए कहा गया था। हालांकि, परिजन करीब 6 बजे ही अस्पताल पहुंच गये। जरूरी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद जब वे मरीज के पास पहुंचे और आवाज लगाई, तो कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। विश्वजीत को छूकर देखने पर उनका शरीर ठंडा और अकड़ा हुआ पाया गया। घटना के बाद परिजनों ने आरोप लगाया कि पूरी रात अस्पताल में भर्ती रहने के बावजूद किसी जिम्मेदार कर्मचारी ने मरीज की स्थिति की ठीक से निगरानी नहीं की। उनका सवाल है कि अगर अस्पताल में भर्ती मरीज की रात के दौरान मौत हो गयी थी, तो ड्यूटी पर मौजूद कर्मचारियों को इसकी जानकारी क्यों नहीं हुई। घटना की जानकारी सामने आने के बाद अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया। मृतक के बेटे सहित परिवार के सदस्य रोते-बिलखते नजर आये। वहीं, अस्पताल के डिप्टी सुपर तुषार कांति विश्वास ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने से पहले मौत की निश्चित वजह बताना संभव नहीं है। उन्होंने बताया कि मरीज की नींद के दौरान हार्ट अटैक से मौत होने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।

SCROLL FOR NEXT