फाइल फोटो  फाइल फोटो
पश्चिम बंगाल

बादुड़िया में खेत से मिले 2.24 करोड़ रुपये

बुधवार की सुबह जूट के खेत से मिले पैसों की रातभर हुई गिनती

बशीरहाट : बादुड़िया पालिका के चेयरमैन दीपांकर भट्टाचार्य के खेत से बुधवार को बरामद नकदी की रातभर गिनती के बाद गुरुवार को पता चला कि कुल करीब 2 करोड़ 24 लाख रुपये मिले हैं। सूत्रों के अनुसार यह रकम विभिन्न सरकारी परियोजनाओं में भ्रष्टाचार और अवैध वसूली से जुड़े बताये जा रहे हैं। इससे पहले मंगलवार को भी पुलिस ने दीपांकर भट्टाचार्य को 80 लाख रुपये और सरकारी तिरपाल के साथ गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के बाद उसे पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही थी। इसी दौरान बुधवार की सुबह उसके घर के पास स्थित जूट के खेत में काम करने पहुंचे कुछ किसानों को जमीन के नीचे संदिग्ध तरीके से दबाई गई चीजों का आभास हुआ। किसानों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। उस समय पुलिस अभियुक्त चेयरमैन को साथ लेकर इलाके में जांच कर रही थी। सूचना मिलते ही पुलिस दीपांकर को लेकर मौके पर पहुंची और खुदाई शुरू करवाई। खुदाई के दौरान जमीन के नीचे से एक के बाद एक कई बोरियां और सूटकेस निकाले गए, जिनमें नोटों की गड्डियां भरी हुई थीं। इसके बाद पूरी रात नोट गिनने का काम चलता रहा। जांच के दौरान कई डायरियां भी बरामद हुई हैं। सूत्रों के मुताबिक, इन डायरियों में चेयरमैन और कुछ पार्षदों के बीच पैसों के लेन-देन का हिसाब दर्ज बताया जा रहा है। अब जांच एजेंसियां उन दस्तावेजों को खंगाल रही हैं।

SCROLL FOR NEXT