खड़गपुर : पश्चिम मिदनापुर जिला अंतर्गत खड़गपुर में मांस की तस्करी में शामिल 18 लोगों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। सभी अभियुक्तों को खडगपुर में चौरंगी के निकट रुपनारायणपुर इलाके से गिरफ्तार किया गया। घटना के बारे में पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार सभी अभियुक्त अलग-अलग 7 गाड़ियों में भारी मात्रा में मांस लेकर इसे बेचने के लिए कहीं जा रहे थे। जिसके बारे में खबर मिलने के बाद पुलिस ने रुपनारायणपुर इलाके में सभी संदिग्ध गाड़ियों को रोक कर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान अलग अलग 7 गाडियों से भारी मात्रा में कटा हुआ मांस मिलने पर पुलिस ने सभी गाड़ियों को जब्त कर इसमें सवार कुल 18 लोगों को गिरफ्तार किया। सम्बंधित धाराओं के तहत मामला नामजद कर पुलिस ने सभी अभियुक्तों का कोर्ट चालान कर दिया है। इसके अलावा अभियुक्तों से बरामद मास के नमूने को जांच पड़ताल के लिए लैब में भेजा गया है। ताकि यह पता चल सके कि यह किस जानवर का मांस है। पश्चिम मिदनापुर की एसपी पापिया सुल्ताना ने कहा कि सम्बंधित जगहों पर मांस काटने और इसे बेचने के बारे में अभियुक्तों ने कोई कागजात पुलिस के सामने पेश नहीं किया। जिसकी वजह से मांस की अवैध कटाई और इसकी तस्करी के आरोप में कुल 18 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया है। गिरफ्तार अभियुक्तों में ज्यादातर लोग पंचबेडिया के निवासी हैं। अभियुक्तों के पास से बरामद मांस के नमूनों को जांच पड़ताल के लिए लैब में भेजा गया है।