योगी आदित्यनाथ 
उत्तर प्रदेश

योगी का आरोप : ओवैसी और चंद्रशेखर 'इंडिया' गठबंधन की 'B टीम'

योगी ने कहा, दो नावों पर सवार पार्टी को भुगतना होगा अंजाम

Santosh Sharma

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद पर निशाना साधते हुए उन्हें विपक्षी इंडिया गठबंधन की बी टीम बताया तथा आरोप लगाया कि भाजपा के खिलाफ राजनीतिक माहौल बनाने के लिए दोनों नेताओं को साथ लाया गया है।

लखनऊ में एक मीडिया समूह की ओर से आयोजित 'राइजिंग भारत' सम्मेलन में योगी ने कहा कि ओवैसी और चंद्रशेखर इंडी (इंडिया) गठबंधन की ‘B’ टीम के रूप में काम कर रहे हैं। उनकी गतिविधियों से समाजवादी पार्टी और कांग्रेस को फायदा पहुंचता है।

योगी ने कहा, सपा अब दो नावों पर सवार है और इसका अंजाम उसे भुगतना होगा। उन्होंने दावा किया कि दलित समाज सपा के साथ नहीं जाएगा, क्योंकि पार्टी का इतिहास दलितों और उनके महापुरुषों का अपमान करने का रहा है।

उन्होंने कहा कि जनता, जाति और समाज को बांटने की राजनीति के बजाय विकास, सुशासन और सामाजिक एकता चाहती है। ओवैसी पर निशाना साधते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं हैदराबाद के मौलाना को यकीन दिलाता हूं कि उन्हें एक भी सीट नहीं मिलेगी और वह यहां से बैरंग लौट जायेंगे ।

ओवैसी और चंद्रशेखर ने 12 नवंबर को लखनऊ में सामाजिक परिवर्तन मोर्चा बनाया था और दोनों नेताओं ने इसे वंचित और पिछड़े समुदायों की आवाज उठाने वाला मंच बताया है। साथ ही सपा और कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों को भी इसमें शामिल होने का न्योता दिया है।

आगामी विधानसभा चुनावों के आलोक में सीटों को लेकर जारी चर्चाओं पर योगी ने कहा कि गठबंधन में किसी तरह का भ्रम नहीं है और सभी सहयोगी दल मिलकर काम करेंगे तथा चुनाव की रणनीति सामूहिक रूप से तय की जाएगी।

प्रदेश के विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने 2029-30 और 2047 तक का खाका तैयार किया है। लक्ष्य है कि उत्तर प्रदेश विकसित और आत्मनिर्भर बने। इसके लिए युवाओं को रोजगार, महिलाओं को सुरक्षा और सम्मान, किसानों को बेहतर अवसर तथा श्रमिकों को उचित मानदेय उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT