लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दिवाली पर्व के दौरान प्रदूषण बढ़ने को लेकर जताई जा रही चिंताओं को खारिज करते हुए बुधवार को कहा कि प्रदूषण अंततः कम हो जाएगा।
मुख्यमंत्री ने यह सवाल भी उठाया कि इस मुद्दे को उठाने वाले उन लोगों पर चुप क्यों रहते हैं, जिन्होंने कथित तौर पर भ्रष्टाचार के जरिये पूरी व्यवस्था को प्रदूषित किया है।
लखनऊ में एक सरकारी कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि लोगों ने पूरे उत्साह के साथ दिवाली मनाई और प्रदूषण को लेकर जरूरत से ज्यादा चिंतित होने की जरूरत नहीं है।
यह कार्यक्रम राजस्व विभाग में हाल में चयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित करने और ‘मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना’ के तहत 4,300 लाभार्थियों को आर्थिक सहायता प्रदान करने के लिए आयोजित किया गया था।
उन्होंने कहा, कुछ लोग कह रहे हैं कि दिवाली की वजह से प्रदूषण बढ़ गया है। अगर बढ़ भी गया है तो क्या हुआ? यह कम भी हो जाएगा। आप क्यों चिंतित हैं ?
उन्होंने कहा, जिन लोगों ने अपने भ्रष्ट आचरण से पूरी व्यवस्था को प्रदूषित किया है, उनसे कोई सवाल नहीं करता। लेकिन अगर जनता एक दिन आतिशबाजी के साथ उत्सव मनाती है, तो अचानक प्रदूषण एक मुद्दा बन जाता है।
मुख्यमंत्री ने जश्न का बचाव करते हुए कहा कि लोगों ने आतिशबाजी और पूरे उत्साह के साथ त्योहार मनाकर बिल्कुल सही किया।
उन्होंने कहा, लोगों ने बेहद उत्साह के साथ दिवाली मनाई और खूब आतिशबाजी की। हमने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि कोई पाबंदी नहीं लगाएंगे। लोगों को आतिशबाजी करने और उत्सव मनाने दीजिए।
आदित्यनाथ ने अयोध्या में आयोजित आतिशबाजी समारोह में अपनी भागीदारी का भी जिक्र करते हुए कहा कि वह स्वयं वहां मौजूद थे। उन्होंने कहा, मैं भी आतिशबाजी समारोह के दौरान अयोध्या में मौजूद था।