VIP दर्शन पास मामले में बड़ा एक्शन 
उत्तर प्रदेश

चंपत राय सहित तीन ट्रस्टियों की VIP पास आईडी बंद

राम मंदिर VIP पास विवाद में बड़ा कदम, तीन ट्रस्टियों की आईडी पर रोक

अयोध्या : श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र में वीआईपी दर्शन पास जारी करने में कथित अनियमितताओं के सामने आने के बाद बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया गया है। इसके तहत चंपत राय, गोपाल राव और अनिल मिश्रा के नाम से संचालित वीआईपी दर्शन पास जारी करने वाली आईडी को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है।

अब इन तीनों आईडी के माध्यम से किसी भी श्रद्धालु के लिए सुगम दर्शन या विशिष्ट दर्शन पास जारी नहीं किए जाएंगे। जानकारी के अनुसार, राम मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए दो प्रकार के विशेष दर्शन पास जारी किए जाते हैं—सुगम दर्शन पास और विशिष्ट दर्शन पास।

इन पासों को जारी करने के लिए ट्रस्ट के सभी ट्रस्टियों के नाम से अलग अलग आईडी बनाई गई थीं। पहले संबंधित ट्रस्टी की अनुशंसा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए उसी आईडी से पास जारी किए जाते थे।

जांच में सामने आया है कि इसी व्यवस्था का कथित रूप से दुरुपयोग किया गया। आरोप है कि टिन्नू यादव ने इस प्रणाली का फायदा उठाकर सैकड़ों वीआईपी दर्शन पास जारी करवा लिए। इसके अलावा, चंपत राय और अनिल मिश्रा के कुछ करीबी लोगों पर भी कथित रूप से पास जारी कराने का अवैध नेटवर्क चलाने और इसके जरिए लाखों रुपये की कमाई करने के आरोप लगे हैं।

सूत्रों के अनुसार, जिन तीन आईडी से सबसे अधिक संख्या में वीआईपी दर्शन पास जारी किए गए थे, उन्हें फिलहाल बंद कर दिया गया है। इस कार्रवाई का उद्देश्य पास जारी करने की प्रक्रिया में पारदर्शिता लाना और भविष्य में किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोकना बताया जा रहा है।

हालांकि, इस पूरे मामले की जांच जारी है और संबंधित एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि पास जारी करने की प्रक्रिया में किन किन लोगों की भूमिका रही तथा इस कथित अनियमितता का दायरा कितना बड़ा है।

SCROLL FOR NEXT