लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ ने कहा है कि यूपी में बेटियों को छेड़ने वालों को माफी नहीं मिलती। अगर कोई बेटी को छेड़ता है तो उसका इंतजार यमराज कर रहे होते हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के समय यूपी की पहचान गुंडे और माफिया की हो गई थी।
'यूपी में अब कोई बेटियों को छेड़ने की हिमाकत नहीं करता'
सीएम योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आज कोई बेटी की सुरक्षा में सेंध नहीं लगा सकता। आज कोई व्यापारी से जबरन गुंडा टैक्स नहीं ले सकता। आज कोई नहीं कह सकता कि 6 बजे तक बेटी घर के अंदर दुबक जाएं। अब तो उत्तर प्रदेश की बेटियां नाइट शिफ्ट में काम कर रही हैं। अगर कोई गुंडा बेटियों को छेड़ने का प्रयास करता है, तो अगले चौराहे पर यमराज उसका टिकट काटने के लिए बैठे रहते हैं।
जहां जाते हैं लोग कहते हैं- जय श्री राम
सीएम योगी ने कहा कि आज हम देश के जिस भी हिस्से में जाते हैं, वहां यूपी की चर्चा होती है। जिस व्यक्ति को हिंदी भी नहीं आती वो भी बोल पड़ता है योगी जी जय श्री राम। यह हमारी पहचान बन चुका है। आज राम से, कृष्ण से, बाबा विश्वनाथ से हमारी पहचान बन गई है।
समाजवादी पार्टी पर साधा निशाना
उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सपा के समय यूपी की पहचान गुंडे और माफिया के रूप में होती थी। वे लोग जाति के नाम पर समाज को तोड़ने वाले और तुष्टीकरण करने वाले लोग थे। विकास को उन्होंने बाधित किया। जनता का शोषण किया। चेहरा देखकर योजनाओं का लाभ देते थे और अपने परिवार का पेट भरते थे। लूट मचा रखी थी लेकिन आज उत्तर प्रदेश में माफिया मिट्टी में मिल गए, गुंडे पलायन कर गए और जिसने जनता-जनार्दन को आंख दिखाने का प्रयास किया, वह यमराज के घर सिधार गए।