'प्रतीक यादव के सिर पर गंभीर चोट लग गयी थी' 
उत्तर प्रदेश

'प्रतीक यादव के सिर पर गंभीर चोट लग गयी थी'

जिम पार्टनर बताया-वह अपने बेडरूम में गिर गए थे। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इन्तजार

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के बेटे और भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव की आज सुबह मौत हो गई। फिलहाल उनकी मौत की वजह अब तक साफ नहीं हो सकी है और शव का पोस्टमार्टम जारी है। इस बीच उनके जिम पार्टनर स्वप्नेश पांडेय ने बड़ा खुलासा करते हुए दावा किया कि देर रात प्रतीक यादव अपने बेडरूम में गिर गए थे, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट लगी। सुबह करीब 4 से 5 बजे के बीच उनके निधन की सूचना मिली।

जिम पार्टनर ने बताया रात का घटनाक्रम

प्राप्त खबर के मुताबिक स्वप्नेश पांडेय ने बताया कि प्रतीक यादव के निधन  की खबर मिलते ही वह सिविल अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि जिम के जरिए ही उनकी प्रतीक से पहचान हुई थी। स्वप्नेश के मुताबिक, प्रतीक यादव बेहद विनम्र स्वभाव के इंसान थे और छोटे-बड़े सभी लोगों का सम्मान करते थे। उन्होंने कहा कि प्रतीक का व्यवहार हमेशा अच्छा और मिलनसार रहा।

उन्होंने बताया कि प्रतीक का काफी समय से इलाज चल रहा था। रात में तबीयत ज्यादा खराब हुई थी, जिसके बाद वे देर रात लगभग 11-12 बजे लखनऊ सिविल अस्पताल में आए थे। फिर वापस चले गए थे। घर पहुंचने पर उनकी तबीयत और भी बिगड़ी थी। स्वप्नेश पांडेय ने कहा, "मुझे यह सुनने में आया कि प्रतीक यादव अपने बेडरूम में गिर गए थे। इसके कारण सिर में चोट लग गई थी।"

स्वप्नेश पांडेय ने कहा कि सुबह करीब 4-5 बजे प्रतीक के निधन के बारे में पता चला। उन्होंने फिर से दोहराते हुए कहा, "भाई (प्रतीक यादव) का लंबे समय से इलाज चल रहा था। जहां तक पता चला कि रात में पैर फिसलने से वे बेडरूम में गिरे और सिर पर चोट लगी।"

अपर्णा यादव के मुंहबोले भाई ने यह कहा

वहीं, अपर्णा यादव के मुंहबोले भाई मुकेश सिंह ने कहा, "मुझे सुबह सोशल मीडिया के जरिए यह जानकारी मिली। चूंकि अपर्णा उस समय यहां मौजूद नहीं थी और वे बाहर थीं, इसलिए मुझे यह खबर सोशल मीडिया से ही मिली। तब तक उनका निधन हो चुका था। यह मेरे लिए एक बहुत ही दुखद घटना है। दुख की घड़ी में हम परिवार के साथ हैं। प्रतीक का पोस्टमार्टम हो चुका है। यहां से पार्थिव शरीर को लेकर घर के लिए निकलेंगे।"

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से पता चलेगा मौत की वजह के बारे में

उन्होंने कहा कि प्रतीक थोड़े बीमार थे। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद सभी चीजें स्पष्ट हो जाएंगी। मुकेश सिंह ने बताया कि प्रतीक की तबीयत बिगड़ने पर घर में मौजूद लोग उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे थे।

SCROLL FOR NEXT