केशव प्रसाद मौर्य 
उत्तर प्रदेश

मेरी भी महत्वाकांक्षा है कि मैं मुख्यमंत्री बनूं : केशव प्रसाद मौर्य

लखनऊ : उत्तर प्रदेश के उप मुख्य मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने स्पष्ट रूप से मुख्यमंत्री बनने की महत्वाकांक्षा जाहिर कर दी है। उन्होंने कहा कि हो सकता है कि अगली बार आप सीएम के रूप में देखें या किसी और रूप में देखें । यह तो पार्टी तय करेगा, मेरी महत्वाकांक्षा से ही कुछ तय नहीं होगा । मेरी भी महत्वाकांक्षा है कि मैं मुख्यमंत्री बनूं, लेकिन मेरे चाहने से नहीं होगा। मेरे पार्टी का नेतृत्व तय करेगा कि कौन क्या करेगा। फिलहाल हमारा यही लक्ष्य है कि हम बहुमत लाएंगे। उसके बाद विधायक दल तय करेगा और दिल्ली से आने वाले पर्यवेक्षक तय करेंगे। उन्होंने एक साक्षात्कार में योगी आदित्यनाथ के साथ मिलकर काम करने की बात भी कही। दोनों नेताओं के बीच प्रतिस्पर्धा को लेकर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा, 'हम लोग मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीएम और डिप्टी सीएम मिलकर काम करते हैं। यही वजह है कि हम लगातार सत्ता में बने हुए हैं। ' उन्होंने यह भी दावा किया कि विकसित भारत बनने तक प्रदेश में सपा और देश में कांग्रेस के हाथ सत्ता नहीं जाएगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकारी ने निष्पक्ष होकर काम किया है। नौकरियां भी दी हैं तो हर वर्ग का ख्याल रखते हुए दी हैं ।

अखिलेश एक भी शख्स लाकर दिखाएं, जो कहे कि रिश्वत देकर नौकरी पाई

बीते 9 साल से ज्यादा समय से उप-मुख्यमंत्री केशव मौर्य ने कहा, 'अखिलेश यादव को मैं चुनौती देता हूं कि एक भी आदमी ऐसा लेकर आएं, जो कहे कि उसने रिश्वत देकर नौकरी पाई है। भाजपा जहां आती है, वहां बार-बार आती है और तीसरी बार जरूर आती है।' इस दौरान उनसे आर्थिक आधार पर आरक्षण को लेकर उठ रही मांग पर भी सवाल किया गया। इस पर उनका कहना था, 'आरक्षण में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। अभी सामान्य वर्ग के गरीबों को भी 10 फीसदी आरक्षण दिया गया है। 40 फीसदी अनारक्षित हिस्सा सभी प्रतिभाशाली छात्रों के लिए है.' यही नियम आरक्षण को लेकर बना रहेगा।

'अंकित बालियान के हत्यारों को कड़ी सजा दिलाएंगे'

प्रयागराज में आई बाढ़ पर अखिलेश यादव की ओर से सवाल उठाए जाने पर मौर्य ने कहा कि सूप बोले तो बोले, चलनी भी बोले। ऐसी स्थिति हो गई है। उन्होंने कहा कि सपा के दौर में कोई विकास ही नहीं हुआ। अब हमने काम शुरू किया है। प्रयागराज में आई पानी की समस्या पर मैंने खुद एक्शन लिया और नालों को लेकर अधिकारियों को फटकार भी लगाई। शामली में हरियाणवी सिंगर अंकित बालियान की हत्या पर केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि हत्यारों को हम कड़ी सजा दिलाएंगे। उन्होंने कहा कि यदि किसी प्रतिभाशाली व्यक्ति की हत्या की गई है तो यह हमारे लिए चिंता की बात है और कड़े कदम उठाए जाएंगे।

SCROLL FOR NEXT