शराबी बना थानेदार 
उत्तर प्रदेश

गजब ! पुलिस चौकी खाली... शराबी बना 'थानेदार'

उत्तर प्रदेश के हापुड़ जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में एक शराबी खाली पुलिस चौकी को ही अपना निजी ऑफिस बनाकर मजे ले रहा है। जनाब का अंदाज ऐसा कि मानो पूरी चौकी उन्हीं की हो। वीडियो वायरल है और लोग चुटकी ले रहे हैं कि जब चौकी खाली थी, तो इस 'स्वयंभू अधिकारी' ने मौके का पूरा फायदा उठा लिया !

पूरा मामला यह है

रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना शुक्रवार देर रात कोतवाली देहात क्षेत्र की दोयमी पुलिस चौकी की बताई जा रही है। जहां रात करीब 11 बजे, रिंकू नाम का एक युवक पूरी तरह से नशे में धुत होकर चौकी पहुंचा। चौकी में सन्नाटा पसरा देख उसका 'सिंघम' वाला अवतार जाग गया !

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि शख्स सिर पर पुलिस इंस्पेक्टर की टोपी लगाए कुर्सी पर बैठा कागज देख रहा है जबकि वीडियो बना रहे लोग मौज में उससे अर्जी लिखने की बात करते देख रहे हैं। सोशल मीडिया पर इस घटना का वीडियो छा गया है।

चौकी खाली क्यों थी ?

जानकारी के अनुसार, घटना के समय चौकी प्रभारी सूरजपाल क्षेत्र में गश्त पर थे, जबकि चौकी का बाकी पुलिस बल बुलंदशहर में 'वीवीआईपी ड्यूटी' पर गया हुआ था। यानी चौकी पूरी तरह भगवान भरोसे थी, जिसका फायदा इस शराबी ने उठाया।

कोतवाली देहात थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि आरोपी युवक रिंकू को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। शख्स की हालात सुधरने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

SCROLL FOR NEXT