गाजियाबाद/लखनऊ : उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने शुक्रवार को बताया कि गाजियाबाद में करीब 10 लाख पात्र नागरिकों के नाम अभी मतदाता सूची में दर्ज नहीं हैं। उन्होंने अधिकारियों को विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2027 के दौरान अधिक से अधिक पात्र नागरिकों का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
रिणवा ने गाजियाबाद में आयोजित समीक्षा बैठक में बताया, 17 नवंबर को मतदाता सूची का आलेख्य प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावे और आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त आवेदनों का निस्तारण 28 दिसंबर तक किया जाएगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची चार जनवरी 2027 को प्रकाशित होगी।
उन्होंने बताया कि नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म-छह, किसी नाम को शामिल किए जाने पर आपत्ति दर्ज कराने या अपात्र व्यक्ति का नाम हटवाने के लिए फॉर्म-सात और नाम, पता सहित अन्य विवरणों में संशोधन के लिए फॉर्म-आठ भरा जा सकेगा।
अधिकारी ने बताया कि पुनरीक्षण के दौरान 21-22 नवंबर और 28-29 नवंबर को विशेष अभियान दिवस आयोजित किए जाएंगे।
रिणवा के अनुसार, इन दिनों बूथ स्तर के अधिकारी (बीएलओ) मतदान केंद्रों पर मौजूद रहकर दावे और आपत्तियां प्राप्त करेंगे। गाजियाबाद की मतदाता सूची में फिलहाल 23 लाख से अधिक मतदाताओं के नाम दर्ज हैं।
उन्होंने बताया कि पात्र नागरिकों की पहचान के लिए सरकारी विभागों, सामाजिक संगठनों, आरडब्ल्यूए और शैक्षणिक संस्थानों की मदद ली जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया, उत्तर प्रदेश में 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के करीब 16 से 17 करोड़ नागरिक हैं, जबकि मतदाता सूची में लगभग 13.56 करोड़ नाम दर्ज हैं। इस तरह पात्र नागरिकों के पंजीकरण का अनुमानित अनुपात करीब 84 प्रतिशत है।
उन्होंने सभी पात्र नागरिकों से 17 नवंबर को प्रकाशित होने वाली आलेख्य मतदाता सूची में अपना और परिवार के सदस्यों का नाम जांचने तथा जरूरत पड़ने पर निर्धारित प्रपत्र भरकर आवेदन करने की अपील की।