उन्नाव : उन्नाव जिले के अचलगंज क्षेत्र स्थित हड़हा कस्बे में बुधवार शाम नशे में धुत एक युवक के हंगामे के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। इस दौरान हुए पथराव में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया तथा पुलिस के वाहन का शीशा टूट गया।
बीघापुर के पुलिस क्षेत्राधिकारी मधुप नाथ मिश्रा ने बताया कि बुधवार शाम अचलगंज थाने में सूचना मिली थी कि हड़हा कस्बे में अंकित नामक युवक शराब के नशे में हंगामा कर रहा है। अचलगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को समझाने का प्रयास किया लेकिन युवक ने पुलिसकर्मियों से ही झगड़ा शुरू कर दिया।
मिश्रा ने बताया कि सूचना पा कर प्रभारी निरीक्षक अचलगंज भी मौके पर पहुंचे और युवक को समझाने का प्रयास किया जा रहा था। तभी मौके पर मौजूद महिलाओं ने पुलिस पर ईंटों से हमला कर दिया।
अधिकारियों के मुताबिक, पथराव में एक पुलिसकर्मी घायल हो गया और पुलिस वाहन का शीशा टूट गया, जिससे स्थिति बिगड़ गई। उन्होंने बताया कि घटना की सूचना पर क्षेत्राधिकारी मधुपनाथ मिश्र अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने क्षेत्र में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया है।
मिश्र ने बताया कि फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य है और शांति व्यवस्था बनी हुई है। उन्होंने बताया कि घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए वीडियो फुटेज और स्थानीय जानकारी के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। मिश्र ने कहा कि सरकारी कार्य में बाधा डालने और पथराव में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें : होली के जश्न में डूबी कृष्ण की नगरी मथुरा