फिरोजाबाद: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद ने एक मासूम की जान ले ली। कृष्णा नगर क्षेत्र में दूध पिलाने को लेकर दो बहनों के बीच हुआ झगड़ा इतना बढ़ गया कि उनके बीच हुई हाथापाई के दौरान एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, संजना और उसकी बहन वंदना के बीच इस बात को लेकर कहासुनी हुई कि बच्चे तनवीर को दूध क्यों नहीं पिलाया गया। विवाद बढ़ने पर दोनों के बीच मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान दोनों बहनें लड़ते-लड़ते बेड पर गिर गईं, और उसी दौरान मासूम बच्चा उनके नीचे दब गया।
परिजनों ने बताया कि उस समय घर में मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया, लेकिन बच्चा बेहोश पड़ा था।
परिजन बच्चे को तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मौत की खबर से पूरे परिवार में कोहराम मच गया।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बच्चे के सिर के पिछले हिस्से की हड्डी टूटी पाई गई। इसके अलावा अंदरूनी चोटों की पुष्टि के लिए विसरा सुरक्षित रख लिया गया है, जिसे फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा।
मामले में पुलिस ने मृतक बच्चे की मौसी वंदना को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में दोनों बहनों के बयान अलग-अलग पाए गए हैं। पहले आरोप-प्रत्यारोप के बाद बाद में बयान में बदलाव भी देखा गया है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह मामला केवल दूध पिलाने के विवाद तक सीमित नहीं हो सकता। बताया जा रहा है कि दोनों बहनों के बीच पहले से तनाव और अविश्वास की स्थिति थी, जिसने विवाद को और गंभीर बना दिया।
मृतक बच्चे के पिता कन्हैया का कहना है कि वह हादसे के बाद अपने बेटे को सीने से लगाकर अस्पताल के गलियारों में दौड़ते रहे, लेकिन डॉक्टरों ने उसे बचा नहीं सके।
इस मामले में न तो कोई सीसीटीवी फुटेज है और न ही कोई स्वतंत्र गवाह। पूरी घटना रात के समय घर के अंदर हुई, जिससे पुलिस की जांच और भी जटिल हो गई है।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा फॉरेंसिक जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।