सांकेतिक चित्र 
उत्तर प्रदेश

सहारनपुर में छेड़छाड़ से तंग आकर नाबालिग छात्रा ने की खुदकुशी

घटना बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र की है

सहारनपुर : सहारनपुर जिले में ट्यूशन से लौट रही एक छात्रा ने कथित तौर पर एक किशोर द्वारा अभद्रता और मारपीट से परेशान होकर आत्महत्या कर ली। पुलिस के मुताबिक घटना शनिवार को बिहारीगढ़ थाना क्षेत्र की है जब नाबालिग छात्रा ट्यूशन से घर लौट रही थी तभी उसके गांव के ही 17 वर्षीय लड़के ने कथित तौर पर उससे छेड़छाड़ की और मारपीट की।

अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सागर जैन ने बताया, छात्रा की मां ने शिकायत में आरोप लगाया है कि कक्षा दसवीं की छात्रा उनकी बेटी ने घर पहुंचने के बाद किशोर द्वारा अभद्रता और छेड़छाड़ किए जाने के बारे में जानकारी दी। उसने यह भी बताया कि उसी लड़के ने पहले भी उससे दुर्व्यवहार किया था।

पुलिस ने बताया कि मां ने अपनी बेटी को आश्वासन दिया कि वह लड़के के माता-पिता से बात करेगी। हालांकि, इसके तुरंत बाद लड़की अपने कमरे में चली गई, दरवाजा बंद कर लिया और कीटनाशक निगल लिया।

जैन ने बताया कि उसे नजदीकी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन रविवार को उसकी मौत हो गयी। पुलिस अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया लेकिन रिपोर्ट में मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया।

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 108 (आत्महत्या के लिए उकसाना) और 115 (2) (स्वेच्छा से चोट पहुंचाना) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच जारी है।

SCROLL FOR NEXT