सांकेतिक तस्वीर 
उत्तर प्रदेश

छात्र की करंट से मौत : हेडमास्टर-शिक्षक सस्पेंड, शिक्षा मित्र गिरफ्तार

हाईटेंशन तार से छात्र की मौत : प्रशासन ने दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की

Santosh Sharma

बलिया : बलिया जिले के गड़वार थानाक्षेत्र के एक सरकारी प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक द्वारा छत के ऊपर लौकी तोड़ने के लिए भेजे गए छात्र की हाईटेंशन तार की चपेट में आने से मौत होने के मामले में प्रशासन ने विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक और एक शिक्षक को निलंबित कर दिया है।

इस मामले में एक शिक्षा मित्र की सेवा समाप्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपी प्रभारी प्रधानाध्यापक और दो शिक्षक को गिरफ्तार कर लिया है।

जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह ने मंगलवार को बताया कि कनैला गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को विद्यालय समय में छात्र की मृत्यु होने के मामले में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय शंकर और सहायक अध्यापक अनिल कुमार को शिथिल कार्यशैली, उत्तर दायित्वों के निर्वहन में उदासीनता बरतने और स्वेच्छतापूर्ण आचरण के आरोप में सोमवार देर रात्रि निलम्बित कर दिया गया है।

उन्होंने बताया कि इसके साथ ही शिक्षा मित्र दीप चंद्र राम की सेवा समाप्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। उन्होंने बताया कि ग्राम शिक्षा समिति के अध्यक्ष और सचिव को शिक्षा मित्र की सेवा समाप्त करने का तीन दिन में प्रस्ताव प्रस्तुत करने का निर्देश दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक ईरन राजा ने बताया कि पुलिस ने आरोपी प्रभारी प्रधानाध्यापक विजय शंकर, सहायक अध्यापक अनिल कुमार और शिक्षा मित्र दीप चंद्र राम को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार सोमवार सुबह नौ बजे गड़वार थाना क्षेत्र के कनैला गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय में कक्षा चार के छात्र अरशद अहमद 11 वर्ष को मध्यान्ह भोजन योजना के लिए लौकी तोड़ने के लिए विद्यालय के एक शिक्षक ने विद्यालय के छत पर भेजा था, इस दौरान छात्र हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया और उसकी मृत्यु हो गयी।

घटना के बाद ग्रामीण आक्रोशित हो गए थे और उन्होंने विद्यालय पर हंगामा शुरू कर दिया था। घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन,बेसिक शिक्षा विभाग और बिजली विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और उन्होंने परिजनों की बातों को संवेदनशीलता से सुनकर उनको उचित कार्यवाही का आश्वासन देकर मामले को शांत कराया था।

थाना प्रभारी हितेश कुमार ने बताया कि कि मृतक के भाई सलमान की तहरीर पर विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक, एक सहायक अध्यापक और एक शिक्षा मित्र के साथ ही बिजली विभाग के अवर अभियंता के विरुद्ध नामजद मामला दर्ज किया गया है।

SCROLL FOR NEXT