प्रतिक फोटो साभार  
उत्तर प्रदेश

स्कूल में पिटाई के 10 दिन बाद छात्रा की मौत, FIR दर्ज

परीक्षा के दौरान विवाद के बाद मारपीट का वीडियो सामने आने पर प्रधानाचार्य और कक्षाध्यापक निलंबित

हरदोई : उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले के एक स्कूल में एक अन्य छात्रा के साथ विवाद के बाद एक शिक्षक द्वारा कथित तौर पर पीटे जाने के 10 दिन बाद 8वीं कक्षा की छात्रा की फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल में मौत हो गई।

अधिकारियों ने बताया कि हरदोई पुलिस ने 13 वर्षीय लड़की के पिता की शिकायत पर स्कूल के प्रधानाध्यापक अक्षय सिंह यादव, कक्षा शिक्षक राजेंद्र गंगवार और उसी कक्षा में पढ़ने वाली एक किशोरी के खिलाफ पचदेवरा पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज की है।

मृतक छात्रा की पहचान उमेश दीक्षित की बेटी क्षमा के रूप में हुई, जो पचदेवरा थाना क्षेत्र के सहुवापुर गांव की रहने वाली थी।

शिकायत के मुताबिक, क्षमा 20 अगस्त को गांव के स्कूल में परीक्षा देने गई थी। कथित तौर पर उसका एक अन्य लड़की के साथ विवाद हो गया। शिकायत में आरोप है कि क्षमा ने कथित तौर पर घटना के बारे में एक शिक्षक से शिकायत की, लेकिन उसकी शिकायत सुनने के बजाय, शिक्षक ने कथित तौर पर उसे पीटा, जिससे उसे चोटें आईं।

अपर पुलिस अधीक्षक (हरदोई) सुबोध गौतम ने कहा कि बाद में छात्रा की हालत बिगड़ गई और फर्रुखाबाद के एक निजी अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था, जहां रविवार शाम उसकी मृत्यु हो गई। गौतम ने कहा, क्षमा के पिता की शिकायत पर प्रधानाचार्य , कक्षाध्यापक और एक छात्रा के खिलाफ गैर इरादतन हत्या से संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभात मिश्रा ने कहा कि विभाग को 20 अगस्त को एक वीडियो भी मिला है, जिसमें कथित तौर पर शिक्षक क्षमा को पीटते दिख रहे हैं। वीडियो का संज्ञान लेने पर पता चला कि शिक्षक ने 20 अगस्त को छात्रा की पिटाई की थी।

प्रधानाचार्य और कक्षाध्यापक दोनों को निलंबित कर दिया गया है और विभागीय कार्रवाई चल रही है। अधिकारियों ने बताया कि यह घटना भरखनी विकास खंड के कंपोजिट विद्यालय सहुवापुर में हुई।

SCROLL FOR NEXT