प्रेमी के साथ मिलकर की पति की हत्या 
उत्तर प्रदेश

प्रेमी संग मिलकर की हिस्ट्रीशीटर पति की हत्या, तीन महीने बाद खुला राज

20 साल की शादी, दो बच्चों के बीच पनपा प्रेम संबंध बना खौफनाक साजिश की वजह, हिस्ट्रीशीटर पति की हत्या कर केले के पेड़ के नीचे दफनाने का राज पुलिस जांच में खुला

उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले से एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने हिस्ट्रीशीटर पति की हत्या कर दी और शव को बगीचे में दफना दिया। घटना का खुलासा करीब साढ़े तीन महीने बाद पुलिस जांच में हुआ।

पुलिस के अनुसार, कांट थाना क्षेत्र के लिंथरा गांव निवासी ओमकार की हत्या उसकी पत्नी ओमा भारती और उसके प्रेमी नन्हे ने मिलकर की थी। दोनों ने ओमकार को शराब पिलाकर नशे की हालत में उसके गले पर पैर रखकर दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को नन्हे के बगीचे में केले के पेड़ के नीचे गड्ढा खोदकर दफना दिया गया।

एसपी सिटी देवेंद्र सिंह ने बताया कि आरोपियों की निशानदेही पर शव को बरामद कर डीएनए जांच के लिए भेजा गया है। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

क्या है पूरा मामला ?

मामले की शुरुआत 6 मार्च को हुई थी, जब मानपुर मलिकापुर गांव निवासी सत्यवीर सिंह ने अपने भाई ओमकार की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि ओमकार 23 फरवरी को तिलहर न्यायालय में पेशी के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। बाद में 4 जून को अपहरण की आशंका जताते हुए ओमा भारती और नन्हे के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई।

जांच के दौरान सामने आया कि ओमा भारती और नन्हे के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। ओमकार को इस संबंध की जानकारी हो गई थी और वह इसका विरोध करता था। साथ ही, ओमकार पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज होने के कारण दोनों को आशंका थी कि वह उनके लिए खतरा बन सकता है। इसी वजह से उन्होंने हत्या की साजिश रची।

20 साल पहले हुई थी शादी

ओमकार की शादी करीब 20 साल पहले हुई थी और उसके दो बच्चे हैं। पुलिस के मुताबिक, मृतक के खिलाफ विभिन्न थानों में हत्या, लूट और डकैती सहित करीब आठ मुकदमे दर्ज थे और वह हिस्ट्रीशीटर भी था।

फिलहाल पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। इस घटना से इलाके में दहशत और सनसनी का माहौल है।

SCROLL FOR NEXT