नई दिल्ली / लखनऊ : उच्चतम न्यायालय ने उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में 100 साल पुरानी मस्जिद को गिराए जाने के मामले में दायर याचिका पर सुनवाई से सोमवार को इनकार कर दिया। याचिका में आरोप लगाया गया था कि मस्जिद को गिराकर शीर्ष अदालत के वर्ष 2024 के उस ऐतिहासिक फैसले में तय दिशा-निर्देशों का उल्लंघन किया गया, जिसमें बुलडोजर कार्रवाई को लेकर नियम निर्धारित किए गए थे।
प्रधान न्यायाधीश सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची तथा न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ इमरान अहमद की ओर से उत्तर प्रदेश के मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई कर रही थी। इसमें आरोप लगाया गया था कि राज्य सरकार ने शीर्ष अदालत के निर्देशों का पालन नहीं किया।
पीठ ने मामले में सीधे हस्तक्षेप करने से इनकार करते हुए याचिकाकर्ता को इलाहाबाद उच्च न्यायालय का रुख करने को कहा। प्रधान न्यायाधीश ने कहा कि उच्चतम न्यायालय के फैसले का उल्लंघन करने वाले प्रत्येक आदेश को सीधे शीर्ष अदालत में चुनौती नहीं दी जा सकती।
प्रधान न्यायाधीश ने कहा, उच्चतम न्यायालय के फैसले का उल्लंघन करने वाला हर आदेश सीधे हमारे पास नहीं आ सकता। आपको संबंधित उच्च न्यायालय जाना होगा। पीठ ने कहा कि बुलडोजर कार्रवाई से जुड़े दिशा-निर्देशों का उल्लंघन हुआ है या नहीं, यह तय करने के लिए मामले के तथ्यों और परिस्थितियों की जांच जरूरी है, जो संबंधित उच्च न्यायालय का काम है।
प्रधान न्यायाधीश ने कहा, हमने सिद्धांत तय किए हैं, लेकिन इनका उल्लंघन किन परिस्थितियों और तथ्यों के आधार पर हुआ है, यह देखना होगा। आप संबंधित उच्च न्यायालय जाइए, वहां तथ्यों के आधार पर अपना मामला साबित कीजिए। यदि उच्च न्यायालय आपको जरूरी राहत नहीं देता है, तो हमारे पास आइए।
पीठ ने यह भी स्पष्ट किया कि अवमानना कार्यवाही के तहत वह आरोपों की तथ्यात्मक जांच नहीं कर सकती। हालांकि, न्यायालय ने कहा कि यदि उच्च न्यायालय मामले की जांच के बाद पाता है कि शीर्ष अदालत के निर्देशों का उल्लंघन हुआ है, तो इसके उचित परिणाम होंगे।
पीठ ने याचिकाकर्ता को उचित राहत के लिए संबंधित उच्च न्यायालय जाने और मामले का जल्द निपटारा कराने का निर्देश दिया। याचिका अधिवक्ता आफताब अली खान के माध्यम से दायर की गई थी।