अयोध्या : राम मंदिर में श्रद्धालुओं के चढ़ावे एवं दानराशि में कथित अनियमितताओं के मामले ने राजनीतिक रंग ले लिया है। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय तथा ट्रस्ट के अनिल मिश्रा के इस्तीफे के बाद विपक्ष केंद्र सरकार और ट्रस्ट की कार्यप्रणाली पर लगातार सवाल उठा रहा है। विपक्षी दल मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
इसी क्रम में अयोध्या से समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने इस मामले पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि राम मंदिर से जुड़ा यह प्रकरण अत्यंत गंभीर है। उन्होंने कहा कि केवल इस्तीफा देने से मामला समाप्त नहीं हो जाता बल्कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। सपा सांसद ने केंद्र सरकार पर भी आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार मामले में आरोपित लोगों को बचाने का प्रयास कर रही है।
अवधेश प्रसाद ने आरोप लगाया कि राम मंदिर में चढ़ावे की कथित हेराफेरी सामान्य चोरी नहीं, बल्कि "डकैती" के समान है। उनका कहना था कि इस घटना से न केवल भगवान श्रीराम के मंदिर की छवि प्रभावित हुई है, बल्कि अयोध्या की प्रतिष्ठा को भी आघात पहुंचा है। उन्होंने मांग की कि दोषियों के खिलाफ विशेष कानून के तहत कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।