लखनऊ : उत्तर प्रदेश में जोरदार बारिश और बिजली गिरने से 18 लोगों की मौत हुई है । गुरुवार को प्रदेश के कई जिलों में हुई तेज बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में कई लोगों की जान चली गई है जबकि कई अन्य लोग झुलस गए और घायल हुए हैं। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में भारी बारिश, गरज-चमक और वज्रपात की चेतावनी जारी की है।
प्रदेश के अलग-अलग जिलों में खेतों में काम कर रहे किसान, खुले स्थानों पर मौजूद लोग और पेड़ों के नीचे खड़े लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आए। कई स्थानों पर तेज बारिश के कारण पेड़ और बिजली के खंभे गिरने की भी घटनाएं सामने आईं हैं। प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिया है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लोगों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए अधिकारियों को प्रभावित परिवारों को तत्काल आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने, घायलों का समुचित इलाज कराने और बारिश से प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य युद्धस्तर पर चलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही जिला प्रशासन को मौसम विभाग की चेतावनियों का पालन कराते हुए लोगों को सतर्क करने के लिए कहा गया है।
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार उत्तर प्रदेश में मानसून सक्रिय है। अगले 3-4 दिनों तक अधिकांश जिलों में गरज-चमक के साथ भारी से बहुत भारी बारिश, तेज हवाएं और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। कई जिलों में एहतियातन स्कूल भी बंद किए गए हैं।