मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के बुढ़ाना थानाक्षेत्र में गुरुवार तड़के हत्या और लूट के 40 मामलों में शामिल 50 हजार रुपये का एक इनामी बदमाश पुलिस के साथ मुठभेड़ में मारा गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) संजय कुमार ने बताया कि मारे गए बदमाश की पहचान जिले के शाहपुर थानाक्षेत्र के हरखौली गांव के निवासी अमजद (36) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, अमजद के अपने साथियों के साथ क्षेत्र में होने की सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बुढ़ाना थानाक्षेत्र के एक जंगल में घेराबंदी की और इसी दौरान पुलिस और बदमाशों का आमना-सामना हो गया।
SSP कुमार ने बताया कि मुठभेड़ के दौरान अमजद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उप निरीक्षक (एसआई) संदीप चौधरी और कांस्टेबल अशफाक समेत दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए और उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया।
कुमार के मुताबिक, अमजद को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बुढाना में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घायल पुलिसकर्मियों का उपचार जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।
उन्होंने बताया कि अमजद हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर, नोएडा, गाजियाबाद और मेरठ में लूट और हत्या के 40 मामलों में शामिल था। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्तौल और एक मोटरसाइकिल बरामद की।