अलीगढ़ : अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी (AMU) के सुरक्षा अधिकारियों और स्थानीय पुलिस ने एक संयुक्त अभियान में छात्रावास के एक कमरे की तलाशी ली और कारतूस तथा जाली मुद्रा समेत आपत्तिजनक सामान बरामद किया।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने बुधवार शाम को 'सर जियाउद्दीन हॉल' छात्रावास के एक कमरे की तलाशी ली और वहां से .32 बोर की पिस्टल की गोलियां, 12 बोर के चार कारतूस, जाली मुद्रा, आठ मोबाइल फोन और खाली मैगजीन कवर बरामद किये।
AMU के प्रॉक्टर नावेद खान ने इस घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि शुरुआती जांच में पता चला है कि इस कमरे में शेवाज नाम का एक 'अवैध कब्जेदार' रह रहा था। ऐसा आरोप लगाया जा रहा है कि शेवाज कमरे के वैध आबंटियों को जबरन बाहर निकालकर कई महीनों से वहां अवैध रूप से रहा था।
खान ने बताया कि पुलिस ने कमरे के वैध आबंटियों में से एक को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ करके यह जानने की कोशिश की कि आखिर शेवाज किन परिस्थितियों में कमरे पर कब्जा करने में कामयाब रहा।
उन्होंने बताया कि कमरे से बरामद दस्तावेजों से पता चलता है कि शेवाज ने पहले AMU के किसी पाठ्यक्रम में दाखिला लिया था, हालांकि जांच के दौरान खंगाले गए रिकॉर्ड से संकेत मिलता है कि वह एक 'नॉन-रेजिडेंट स्टूडेंट' था।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, अलीगढ़ के सिविल लाइंस इलाके में गत सोमवार को हुई गोलीबारी की एक घटना की जांच के सिलसिले में मंगलवार को 3 लोगों को गिरफ्तार किया था। उन्हीं से हुई पूछताछ के दौरान शेवाज का नाम सामने आया, जिसके बाद जांच टीम ने छात्रावास के कमरे पर छापा मारा। पूरे मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।