धनुष और फरसा तोड़ा, प्रतिमा पर फेंका कीचड़ 
उत्तर प्रदेश

परशुराम प्रतिमा क्षतिग्रस्त मिलने पर भड़का आक्रोश

धनुष और फरसा तोड़ा, प्रतिमा पर फेंका कीचड़; सीसीटीवी में कैद हुआ बाइक सवार युवक

Ravi

हाथरस : भगवान परशुराम की 22 फीट ऊंची प्रतिमा के साथ मंगलवार रात कथित तौर पर तोड़फोड़ किए जाने से बुधवार सुबह क्षेत्र में आक्रोश फैल गया। मंगलवार शाम तक प्रतिमा पूरी तरह सुरक्षित थी, लेकिन सुबह लोगों ने देखा कि प्रतिमा के हाथ में लगा धनुष और फरसा टूटा हुआ है।

प्रतिमा पर कीचड़ भी फेंका गया था। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी और ब्राह्मण समाज के लोगों ने विरोध जताया।

मौके पर जुटी भीड़, प्रदर्शन के बाद पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना की सूचना मिलने पर श्री ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटना के विरोध में प्रदर्शन शुरू कर दिया। कुछ ही देर में बड़ी संख्या में लोग वहां एकत्र हो गए। स्थिति की जानकारी मिलते ही सीओ सिटी, सीओ सादाबाद और कोतवाली प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने लोगों से बातचीत कर मामले में कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद प्रदर्शन शांत हुआ।

सीसीटीवी में दिखा युवक, गिरफ्तारी के लिए पांच टीमें गठित

बताया गया कि प्रतिमा के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में एक बाइक सवार युवक तोड़फोड़ करता हुआ नजर आया है। श्री ब्राह्मण महासभा के अध्यक्ष योगेंद्र शर्मा ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। समाज की ओर से आरोपी की 24 घंटे में गिरफ्तारी नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी गई है।

सफाई के बाद हुई पूजा-अर्चना

विरोध प्रदर्शन के बाद लोगों ने प्रतिमा की सफाई कराई और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। सीओ सिटी हिमांशु माथुर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दे रहे युवक की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

SCROLL FOR NEXT