संजय निषाद  
उत्तर प्रदेश

निषाद का आरोप : विदेशी इशारे पर भारत को अस्थिर कर रहा विपक्ष

निषाद ने कहा कि कुछ दल लोकतांत्रिक संस्थाओं को बाधित करना चाहते हैं

Santosh Sharma

गोरखपुर : विपक्षी दलों पर ‘विदेशी ताकतों के इशारे पर भारत को अस्थिर करने की कोशिश’ करने का आरोप लगाते हुए उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं निषाद पार्टी के प्रमुख संजय निषाद ने बुधवार को कहा कि कुछ दल लोगों को गुमराह कर लोकतांत्रिक संस्थाओं को बाधित करना चाहते हैं।

गोरखपुर में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को संबोधित करते हुए निषाद ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मौजूद थे।

निषाद ने कहा, कुछ विपक्षी दल विदेशी ताकतों के इशारे पर भारत को अस्थिर करने की कोशिश कर रहे हैं। नेपाल और बांग्लादेश को अस्थिर किया गया है और पाकिस्तान सहित कई अन्य देशों में भी ऐसी कोशिशें हुई हैं। वे भारत को भी उसी स्थिति में धकेलना चाहते हैं।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से असहमति जताने का अधिकार सभी को है, लेकिन अराजकता फैलाने और जनता को गुमराह करने की कोई जगह नहीं है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ करते हुए निषाद ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश की अर्थव्यवस्था देश में दूसरे स्थान पर पहुंच गई है और राज्य की कानून-व्यवस्था में काफी सुधार हुआ है।

निषाद ने आरोप लगाया कि भाजपा के नेतृत्व वाली सरकारों में हो रहे विकास से विपक्षी दल परेशान हैं। उन्होंने समाजवादी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और कांग्रेस पर वोट चोरी के दावे करके लोगों को गुमराह करने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि विपक्ष द्वारा कथित तौर पर पैदा की जा रही अव्यवस्था के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ पदयात्रा को गांवों तक ले जाना चाहिए।

SCROLL FOR NEXT