शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामला 
उत्तर प्रदेश

शुभेंदु के सहयोगी की हत्या : अदालत ने जब्त आग्नेयास्त्र CBI को सौंपने की मांग ठुकराई

एजेंसी फोरेंसिक जांच के लिए आग्नेयास्त्र अपने कब्जे में चाहती थी

बलिया : जिले की एक स्थानीय अदालत ने पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के सहयोगी चंद्रनाथ रथ की हत्या के मामले में गिरफ्तार एक आरोपी से बरामद आग्नेयास्त्रों को अपने कब्जे में लेने की केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) की याचिका खारिज कर दी है। अभियोजन अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।

अधिकारियों के अनुसार, CBI ने मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट शैलेश कुमार पांडे की अदालत के समक्ष एक आवेदन दायर किया था जिसमें छह मई को हुई हत्या के मामले में जब्त हथियारों को उसके कब्जे में सौंपे जाने का अनुरोध किया गया था ताकि उन्हें जांच के लिए फोरेंसिक प्रयोगशाला भेजा जा सके।

वरिष्ठ अभियोजन अधिकारी पी एन स्वामी ने बताया कि अदालत ने एजेंसी की याचिका खारिज कर दी।

अभियोजन सूत्रों ने बताया कि बाद में वरिष्ठ सीबीआई अधिकारियों ने आगे की कार्रवाई को लेकर स्थानीय अभियोजन अधिकारियों के साथ चर्चा की और एजेंसी अब आदेश के खिलाफ एक पुनरीक्षण याचिका दायर करने की तैयारी कर रही है।

पुलिस ने बताया कि हथियार फेफना थाना क्षेत्र के थम्हनपुरा गांव के निवासी नवीन कुमार सिंह (35) के पास से बरामद किए गए। हत्या मामले की जांच कर रही सीबीआई से मिली जानकारी के आधार पर उत्तर प्रदेश विशेष कार्य बल (STF) ने नवीन सिंह को बुधवार को गिरफ्तार किया था।

STF निरीक्षक अनिल कुमार सिंह की शिकायत पर फेफना थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। शिकायत के अनुसार, STF को CBI से सूचना मिली थी कि नवीन सिंह के पास पश्चिम बंगाल में हत्या की जांच से कथित तौर पर जुड़े अवैध आग्नेयास्त्र हैं।

पुलिस ने कहा कि वाराणसी से STF की एक टीम 19 मई को बलिया पहुंची और बाद में विशुनीपुर के पास नवीन सिंह को हिरासत में लिया।

पूछताछ के दौरान नवीन सिंह ने जांचकर्ताओं को कथित तौर पर बताया कि ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह उर्फ मन्नू, राज कुमार सिंह और गोलू सिंह सात मई को एक कार में उससे मिलने आए थे और मन्नू ने उसे आग्नेयास्त्रों से भरा एक बैग सौंपा था।

STF ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक महिंद्रा शोरूम के पास से वह बैग बरामद किया। पुलिस ने बताया कि जब्त सामान में विदेशी निर्मित एक पिस्तौल समेत तीन पिस्तौल, दो रिवॉल्वर, .32 बोर के 45 कारतूस, तीन खोखे और एक मोबाइल फोन शामिल हैं।

SCROLL FOR NEXT