मेरठ : मेरठ के कंकरखेड़ा क्षेत्र में करीब डेढ़ माह से लापता 17 वर्षीय एक छात्रा की हत्या के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में किशोरी की हत्या कर दी और शव बोरे में भरकर नाले में फेंक दिया था।
पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि दौराला क्षेत्र के चिरौड़ी गांव के निवासी नेमपाल ने 28 अप्रैल को कंकरखेड़ा थाने में अपनी पुत्री अनुष्का उर्फ रिया (17) के 16 अप्रैल से लापता होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
उन्होंने बताया कि अनुष्का कंकरखेड़ा बाईपास स्थित एक स्कूल में कक्षा 12 की छात्रा थी। वह शोभापुर में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई कर रही थी।
सूत्रों ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस का संदेह कंकरखेड़ा में रह रहे श्याम धानक नामक व्यक्ति पर गया। पूछताछ के लिए बुलाए जाने पर वह पुलिस को चकमा देकर चंडीगढ़-मोहाली क्षेत्र में जाकर छिप गया और अपना फोन स्विच आफ कर दिया।
पुलिस ने उन्नत तकनीकी साक्ष्यों और सूचना के आधार पर उसका पता लगाया और रविवार को उसे गिरफ्तार कर लिया।
धानक ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि वह शोभापुर कट के पास एक फास्ट फूड दुकान पर काम करता था और अनुष्का से उसकी जान-पहचान थी।
सूत्रों के मुताबिक, धानक ने बताया कि अनुष्का उससे रुपये लेती थी और वापस मांगने को लेकर हुए विवाद में उसने ईंट से वार कर उसकी हत्या करने के बाद शव को बोरे में भरकर रोहटा बाईपास रोड के पास नाले में फेंक दिया था।
सूत्रों के अनुसार धानक की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद कर लिया। मामले की जांच की जा रही है।