कासगंज : उत्तर प्रदेश के फर्रुखाबाद से भाजपा सांसद मुकेश राजपूत की बहन को रविवार को उसके ससुर व देवरों ने बीच सड़क पर बेरहमी से पिटाई की। महिला ने इसको लेकर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। जिसमें ससुुुर महिला को पीटने का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। रीना के ससुराल वाले अवंतीबाई नगर में 3 मंजिला मकान में रहते हैं। ससुर सहावर के श्री गांधी इंटर कॉलेज में टीचर थे। अब वह रिटायर हो चुके हैं। वहीं पति शेखेंद्र लखनऊ में शिक्षा विभाग में संविदा पर काम करता है। दोनों देवर गिरीश और राजेश बेरोजगार हैं। दोनों की शादी हो चुकी है। रीना के दो लड़कियां हैं। एक 6 साल की है, दूसरी 8 साल की है।
नहाते हुए वीडियो बनाने का आरोप
कासगंज के अवंतीबाई नगर निवासी रवेंद्र कुमार की पत्नी रीना ने बताया कि वह फर्रुखाबाद से भाजपा सांसद मुकेश राजपूत की बहन है। उन्होंने रविवार को कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि वह रविवार की दोपहर 1 बजे कमरे में नहा रही थी। उनका आरोप है कि ससुर लक्ष्मण सिंह और दो देवर राजेश और गिरीश सिंह नहाते समय बाथरूम के ऊपर बने जाल से उसका वीडियो बना रहे थे। उन्होंने कहा कि जब उन्हें इसकी भनक लगी और विरोध किया तो वे गाली-गलौज करने लगे।
देवरों ने चाकू और सरिया से हमला किया
महिला ने अपने लिखित बयान में आरोप लगाया है कि ससुर ने लाइसेंसी रायफल से उसे जान से मारने की धमकी दी। रायफल के बट से महिला पर प्रहार कर दिया। महिला के घर से जान बचाकर भागने पर देवर राजेश ने चाकू और ग्रीष ने सरिया से उस पर हमला कर दिया। इससे उसके शरीर में चोटें आई हैं। वह जान बचाकर बाहर गली में पहुंची तो ससुर ने मोहल्ले वालों के सामने डंडे से बेरहमी से पीट दिया। देवर ने बाल नोंचते हुए उसे जमीन में पटक दिया। महिला को ससुर व देवर द्वारा पीटने का एक 29 सेकेंड का वीडियो भी वायरल हो रहा है।