वाराणसी में नगर निगम की योजना से शहर के भीतर से मीट-मछली की दुकानें हटेंगी 
उत्तर प्रदेश

वाराणसी में मीट और मछली की दुकानें होंगी शहर से बाहर

नगर निगम की योजना से शहर के भीतर से मीट-मछली की दुकानें हटेंगी, सीमा से बाहर आधुनिक बाजारों में होगा कारोबार, स्वच्छता और जाम की समस्या में मिलेगी राहत

वाराणसी नगर निगम की सदन बैठक में शहर के भीतर संचालित मीट, मांस और मछली की दुकानों को शहर की सीमा से बाहर स्थानांतरित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी गई है। टाउनहॉल में आयोजित बैठक में इस योजना पर अंतिम मुहर लगने के बाद अब इसके क्रियान्वयन की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है।

सीमा से बाहर विकसित होंगे बाजार

नगर निगम की इस योजना के तहत शहर की सीमा से बाहर आधुनिक और व्यवस्थित मीट एवं मछली बाजार विकसित किए जाएंगे। पहले चरण में रामनगर, सूजाबाद, गणेशपुर, अवलेशपुर और शिवपुर जैसे क्षेत्रों को इसके लिए चिन्हित किया गया है। इन स्थानों पर सभी जरूरी सुविधाओं से लैस नए बाजार बनाए जाएंगे, जहां वर्तमान में शहर के अंदर संचालित दुकानों को शिफ्ट किया जाएगा।

स्वच्छता की दिशा में है पहल

बैठक के दौरान नगर आयुक्त ने इस पूरी योजना का विस्तृत खाका सदन के सामने प्रस्तुत किया। अधिकारियों का कहना है कि शहर के चारों ओर अलग-अलग स्थानों पर ऐसे बाजार विकसित करने से न सिर्फ मीट कारोबार को व्यवस्थित किया जा सकेगा, बल्कि शहर के भीतर स्वच्छता व्यवस्था में भी सुधार होगा। इसके साथ ही यातायात जाम की समस्या को कम करने में भी यह कदम कारगर साबित हो सकता है।

मिलेगा व्यवस्थित बाजार

नगर निगम का मानना है कि घनी आबादी वाले इलाकों से इन दुकानों के हटने से साफ-सफाई बेहतर होगी और लोगों को स्वच्छ वातावरण मिल सकेगा। वहीं, कारोबारियों को भी एक व्यवस्थित और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बाजार उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे उनका कामकाज और आसान हो जाएगा।

गौरतलब है कि इस योजना की जानकारी पहले ही सामने आ चुकी थी, लेकिन अब सदन की बैठक में औपचारिक मंजूरी मिलने के बाद इसे लागू करने की दिशा में तेजी से कदम उठाए जाएंगे।

SCROLL FOR NEXT