मायावती 
उत्तर प्रदेश

मायावती ने महिला आरक्षण का किया स्वागत

बसपा की प्रमुख ने एससी-एसटी महिलाओं के लिए अलग कोटे की मांग की

Santosh Sharma

लखनऊ : बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की प्रमुख मायावती ने संसद और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने की दिशा में केंद्र सरकार के कदम का शनिवार को स्वागत किया, लेकिन अनुसूचित जाति (एससी) और अनुसूचित जनजाति (एसटी) की महिलाओं के लिए अलग से कोटे की मांग की।

उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक विस्तृत पोस्ट में कहा कि यदि सदियों से शोषण और उपेक्षा का सामना कर रही एससी और एसटी समुदायों की महिलाओं को प्रस्तावित आरक्षण के भीतर अलग कोटा दिया जाता तो यह ऐतिहासिक कदम होता।

उन्होंने कहा, यह अच्छा होता, बल्कि ऐतिहासिक कदम होता, यदि सदियों से शोषण, उत्पीड़न और उपेक्षा का सामना कर रही एससी और एसटी समुदायों की महिलाओं के लिए इस आरक्षण के भीतर अलग कोटे का प्रावधान किया जाता।

मायावती ने केंद्र सरकार से इस मांग पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का आग्रह करते हुए कहा कि ऐसा करना उचित और न्यायसंगत कदम होगा। उन्होंने कहा कि बसपा संविधान निर्माता डॉ. बी आर आंबेडकर के नेतृत्व में तैयार किए गए संविधान के समतावादी आदर्शों के अनुरूप महिलाओं की गरिमा, सुरक्षा और राजनीति में पर्याप्त प्रतिनिधित्व की हमेशा पक्षधर रही है।

बसपा प्रमुख ने कहा, बसपा समाज के सभी वर्गों की महिलाओं के सम्मान और सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ राजनीति में उन्हें उचित सम्मान और अवसर देने की हमेशा प्रबल समर्थक रही है।'' मायावती ने कहा कि उनकी पार्टी संसद और राज्य विधानमंडलों में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण जल्द लागू करने की लगातार मांग करती रही है और इस संबंध में केंद्र के ताजा फैसले का स्वागत करती है।

हालांकि, मायावती ने लोकसभा और राज्य विधानसभाओं की मौजूदा सदस्य संख्या में 50 प्रतिशत वृद्धि तथा परिसीमन प्रक्रिया से जुड़े तीन प्रस्तावित विधेयकों को लेकर चिंता भी जताई। उन्होंने कहा कि राजनीतिक और चुनावी हितों को साधने के लिए निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं तय करने में गड़बड़ी के आरोप नए नहीं हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, केंद्र में जो भी पार्टी सत्ता में रहती है, वह आमतौर पर राष्ट्रीय और जनहित को कम तथा अपने पार्टी हितों को अधिक महत्व देती है। लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए जनता की अधिक भागीदारी की जरूरत बताते हुए मायावती ने लोगों से धर्म, जाति और क्षेत्र के आधार पर प्रभावित हुए बिना तथा लुभावने वादों, दावों और घोषणाओं के झांसे में आए बिना अच्छे उम्मीदवारों को चुनने की अपील की।

उन्होंने कहा कि ऐसे विचारों से प्रभावित हुए बिना अच्छे उम्मीदवारों का चुनाव करना ही देश के लोकतंत्र और संविधान की रक्षा तथा उन्हें अक्षुण्ण रखने की वास्तविक गारंटी होगी। बसपा इसी उद्देश्य के लिए प्रतिबद्ध है।

मायावती की यह टिप्पणी केंद्र सरकार द्वारा 30 नवंबर से तीन दिसंबर तक संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने से पहले आई है। संकेत हैं कि सरकार लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने के लिए संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026 का नया या संशोधित प्रारूप पेश कर सकती है, ताकि इसे वर्ष 2029 के आम चुनाव से पहले लागू किया जा सके। लोकसभा की बैठक 30 नवंबर को होगी, जबकि राज्यसभा की बैठक दो दिसंबर को प्रस्तावित है।

सरकार ने कहा है कि सदनों की बैठक 'आवश्यक कामकाज' निपटाने के लिए बुलाई गई है। हालांकि, विस्तृत विधायी कार्यसूची की आधिकारिक घोषणा अभी नहीं की गई है। संसद ने वर्ष 2023 में नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित किया था। इसमें लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रावधान है।

SCROLL FOR NEXT