सांकेतिक चित्र 
उत्तर प्रदेश

'सेंट्रल यूपी मिशन नेटवर्क' के नाम पर धर्मांतरण का खेल ? सीतापुर में 4 गिरफ्तार

आर्थिक रूप से कमजोर और दलित समुदाय को निशाना बनाकर लालच के जरिए धर्मांतरण, पुलिस ने किया भंडाफोड़

सीतापुर : उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले की पुलिस ने एक कथित धर्मांतरण रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 4 लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ये लोग आर्थिक रूप से कमजोर और अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों को लालच देकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित कर रहे थे।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई मिश्रिख थाना क्षेत्र में की गई, जहां 'सेंट्रल यूपी मिशन नेटवर्क' के नाम से संचालित गतिविधियों का खुलासा हुआ।

अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) दुर्गेश सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केरल मूल के सुरेश चंद्र, कमलेश कुमार, श्रवण कुमार और अरुण आशुदाशन के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे 'सेंट्रल यूपी मिशन' से जुड़े हैं। विभिन्न क्षेत्रों में जाकर आर्थिक रूप से कमजोर और अशिक्षित लोगों के बीच धार्मिक साहित्य वितरित करते हैं।

ASP के अनुसार, जांच में यह भी सामने आया है कि संगठन से जुड़े लोग व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से संपर्क में रहते थे। कई स्थानों पर नियमित प्रार्थना सभाएं आयोजित की जाती थीं।पुलिस ने आरोपियों के पास से 529 धार्मिक पुस्तकें, 151 पर्चे और 4 स्मार्टफोन बरामद किए हैं। मोबाइल फोन को फॉरेंसिक जांच के लिए सील कर दिया गया है।

मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) और उत्तर प्रदेश गैरकानूनी धर्म परिवर्तन निषेध अधिनियम, 2021 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय लेनदेन की जांच कर रही है।

SCROLL FOR NEXT